कटिहार में 18 से 20 अगस्त तक होगी संत रविदास कलश यात्रा, हर गांव तक पहुँचेगा समरसता का संदेश
कटिहार, 17 अगस्त (हि.स.)। संत गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर कटिहार जिले में 'श्री गुरु रविदास समरसता संकल्प अभियान' की व्यापक तैयारी शुरू कर दी गई है। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने इस अभियान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया है कि 18 से 20 अगस्त तक श्री गुरु संत रविदास कलश यात्रा को प्रखंड स्तर तक ले जाया जाए, ताकि संत गुरु रविदास जी के समरसता, सामाजिक समानता और मानवता के संदेश को जिले के गांव-गांव तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति बहुल सभी गांवों एवं बसावटों में सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं की 100 प्रतिशत उपलब्धता, आधुनिक सामाजिक आधारभूत संरचना, आर्थिक अवसरों तथा शैक्षणिक सशक्तीकरण को सुनिश्चित करना है। अधिकारों एवं योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए 25 अगस्त से 25 सितंबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत जिला, प्रखंडों एवं पंचायतों में अधिकार आधारित शिविर, साइकिल रैली, वाद-विवाद, निबंध और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा।
अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवास, जलापूर्ति, सड़क, बिजली, सौर ऊर्जा और स्वास्थ्य संबंधी कमियों को दूर किया जाएगा, जिससे अनुसूचित जाति बहुल गांवों में योजनाओं का शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा हो सके। साथ ही, अभियान की निरंतरता बनाए रखने के लिए प्रत्येक माह के प्रथम गुरुवार को संत रविदास शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसके माध्यम से इस महत्वाकांक्षी अभियान को 15 फरवरी 2027 तक निरंतर जारी रखा जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

