home page

मोतीबाग में सैनिक स्कूल की शुरुआत, मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने किया उद्घाटन

 | 
मोतीबाग में सैनिक स्कूल की शुरुआत, मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने किया उद्घाटन


किशनगंज, 07 जुलाई (हि.स.)। शहर के मोतीबाग स्थित सरस्वती विद्या मंदिर सैनिक स्कूल में मंगलवार को प्रथम शैक्षणिक सत्र का विधिवत शुभारंभ किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और दीप प्रज्वलन के साथ आयोजित समारोह का उद्घाटन बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान एवं मां सरस्वती की वंदना से हुई। विद्यालय प्रबंधन ने मुख्य अतिथि समेत सभी विशिष्ट अतिथियों का अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत किया। समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की वास्तविक शक्ति उसके अनुशासित, संस्कारित और राष्ट्रभक्त युवाओं में निहित होती है।

उन्होंने कहा कि सैनिक शिक्षा केवल सेना में भर्ती होने का माध्यम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास तथा विपरीत परिस्थितियों में त्वरित एवं सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि अब तक ऐसे संस्थानों में शिक्षा प्राप्त करने के लिए विद्यार्थियों को बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर अतिरिक्त बोझ पड़ता था।

किशनगंज में इस संस्थान की शुरुआत से सीमांचल के मेधावी विद्यार्थियों को अपने जिले में ही गुणवत्तापूर्ण सैनिक शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि संस्थान में आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों, योग, शारीरिक प्रशिक्षण एवं व्यक्तित्व विकास पर विशेष बल दिया जाएगा। साथ ही विद्यार्थियों को राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए), भारतीय सेना, अर्धसैनिक बलों तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कराई जाएगी।

स्थानीय शिक्षाविदों ने विद्यालय की स्थापना को सीमांचल में शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संस्थान की भावी योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर धनंजय जायसवाल, प्रधानाचार्य नागेंद्र तिवारी, अनिल केजरीवाल, देवदास सहित अनेक गणमान्य नागरिक, शिक्षाविद् एवं अभिभावक उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह