home page

सहयोग शिविर के माध्यम से जनता से जुड़ी समस्याओं का निवारण

 | 
सहयोग शिविर के माध्यम से जनता से जुड़ी समस्याओं का निवारण


सहरसा, 16 जून (हि.स.)।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार को जिले के विभिन्न प्रखंडों में चिन्हित कुल 15 स्थलों पर सहयोग शिविर का आयोजन किया गया।

शिविरों के माध्यम से आम जनता से प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का निवारण किया गया तथा लाभुकों को संबंधित प्रमाण-पत्र एवं योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।शिविर के दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आगंतुकों को दी गई तथा पात्र लाभुकों को नियमानुसार लाभ प्रदान किया गया।

इस क्रम में जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने कहरा प्रखंड अंतर्गत पंचायत सरकार भवन, पररी तथा सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड अंतर्गत खजुरी पंचायत स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजना संबंधी काउंटरों का अवलोकन किया तथा लाभुकों के बीच आवेदन निष्पादन से संबंधित प्रमाण-पत्रों का वितरण किया।

अधिकारियों द्वारा बताया गया कि पररी एवं खजुरी में आयोजित शिविरों में क्रमशः 28 एवं 74 आवेदनों का निष्पादन किया गया, जो प्राप्त आवेदनों के लगभग शत-प्रतिशत के बराबर है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री दीपेश कुमार ने उपस्थित नागरिकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन आम जनता की समस्याओं के यथोचित समाधान तथा प्रत्येक पात्र लाभुक तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुँचाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि सहयोग शिविरों के अतिरिक्त आम नागरिक प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को आयोजित आम जनता से संवाद कार्यक्रम के माध्यम से भी अपनी समस्याओं से जिला प्रशासन को अवगत करा सकते हैं, जिनके समाधान हेतु समुचित एवं प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

जिले के विभिन्न स्थलों पर वरीय पदाधिकारियों के नेतृत्व में आयोजित सहयोग एवं जनकल्याण शिविरों के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का निस्तारण किया गया तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।उल्लेखनीय है कि 17 एवं 18 जून 2026 को प्रखंड मुख्यालयों में जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जिसके माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों को प्रदान किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार