home page

बंगाली बाजार आरओबी निर्माण की प्रक्रिया तेज, निजी जमीन अधिग्रहण शुरू

 | 
बंगाली बाजार आरओबी निर्माण की प्रक्रिया तेज, निजी जमीन अधिग्रहण शुरू


सहरसा, 10 नवंबर (हि.स.)।

शहर सहरसा के बंगाली बाजार में प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण कार्य की दिशा में प्रशासनिक प्रक्रिया तेज हो गई है। इसके लिए निजी जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला भू-अर्जन कार्यालय की ओर से संबंधित जमीन के रैयतों को नोटिस भेजा जा रहा है। वैसे अभी भी निर्माण कार्य चल रही है। निजी जनीन अधिग्रहण के बाद कार्य की गति तेज हो जाएगी।

जिला भू-अर्जन कार्यालय के नोटिस के अनुसार सहरसा-पंचगछिया रेलवे स्टेशन के बीच एलसी संख्या-31 पर प्रस्तावित ओवरब्रिज के निर्माण के लिए करीब 2.98 एकड़ निजी जमीन का अधिग्रहण किया जाना है। अधिग्रहित होने वाली जमीन सहरसा मौजा के नगर सर्वे वार्ड संख्या 02, 03, 07, 08 और 09 में स्थित है। यह प्रक्रिया भूमि अर्जन, पुनर्वास और पुनर्व्यवस्थापन में उचित प्रतिकर और पारदर्शिता का अधिकार अधिनियम, 2013 की धारा 21 (2) के तहत एलए केस संख्या 03/2025-26 के अंतर्गत की जा रही है।

नोटिस के माध्यम से संबंधित रैयतों एवं जमीन में हित रखने वाले लोगों को 18 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे जिला भू-अर्जन पदाधिकारी के कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। रैयत स्वयं अथवा अपने अधिकृत प्रतिनिधि के माध्यम से उपस्थित होकर जमीन में अपने हित, मुआवजे के दावे तथा पुनर्वास एवं पुनर्व्यवस्थापन से संबंधित जानकारी दे सकते हैं। साथ ही अधिग्रहित जमीन की मापी को लेकर किसी प्रकार की आपत्ति होने पर उसे भी दर्ज करा सकते हैं।

नोटिस में संबंधित जमीन का खाता, खेसरा और रकबा का विवरण भी दिया गया है। निजी जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होने से लंबे समय से प्रतीक्षित बंगाली बाजार रेलवे ओवरब्रिज निर्माण की उम्मीद एक बार फिर मजबूत हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सोनी