home page

पीएम सूर्यघर योजना की अंतिम तिथि 31 मार्च 2027, सहरसा में अब तक लगे 162 सोलर संयंत्र

 | 
पीएम सूर्यघर योजना की अंतिम तिथि 31 मार्च 2027, सहरसा में अब तक लगे 162 सोलर संयंत्र


सहरसा, 20 नवंबर (हि.स.)।

आम उपभोक्ताओं को बिजली बिल में राहत देने के उद्देश्य से संचालित प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत सहरसा जिले में अब तक 162 सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। योजना का लाभ पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर दिया जा रहा है। इसकी अंतिम तिथि 31 मार्च 2027 निर्धारित है।

विद्युत कार्यपालक अभियंता ई. अमित कुमार ने बताया कि योजना के तहत एक किलोवाट संयंत्र पर 40 हजार, दो किलोवाट पर 80 हजार तथा तीन किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के संयंत्र पर अधिकतम 98 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है। इसके अलावा बैंक से करीब 5.75 प्रतिशत ब्याज दर पर दो लाख रुपये तक ऋण की सुविधा भी उपलब्ध है।

उन्होंने बताया कि 150 यूनिट तक मासिक खपत वालों के लिए एक किलोवाट, 300 यूनिट तक दो किलोवाट तथा इससे अधिक खपत वालों के लिए तीन किलोवाट या उससे अधिक क्षमता का संयंत्र उपयुक्त है। प्रति किलोवाट करीब 100 वर्गफुट जगह की जरूरत होती है और सोलर पैनल की उपयोगी अवधि लगभग 25 वर्ष है। अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजकर बिल में समायोजित कराई जा सकती है।

कार्यपालक अभियंता ने उपभोक्ताओं से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द आवेदन करने की अपील की है। इच्छुक उपभोक्ता आधिकारिक पोर्टल pmsuryaghar.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सोनी