home page

छठ महापर्व पर 15 एवं 16 नवंबर को होगा भास्कर महोत्सव का आयोजन

 | 

सहरसा, 14 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर कला संस्कृति विभाग, बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन सहरसा के संयुक्त तत्वावधान में 15 एवं 16 नवंबर को भास्कर महोत्सव 2026 का आयोजन किया जाएगा।

शहर के सप्त पोखरी घाट पर आयोजित इस दो दिवसीय महोत्सव में शास्त्रीय वाद्य संगीत, पारंपरिक छठ गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का संगम देखने को मिलेगा।

महोत्सव के पहले दिन 15 नवंबर को अपराह्न तीन बजे से संध्या छह बजे तक तथा दूसरे दिन 16 नवंबर को प्रातः चार बजे से सात बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें बनारस से आमंत्रित कलाकारों द्वारा शहनाई वादन की प्रस्तुति दी जाएगी। वहीं पूर्णिया, पटना एवं दरभंगा के वाद्य कलाकार भी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।

कार्यक्रम में बिहार के प्रतिष्ठित गायकों के साथ स्थानीय कलाकार भी छठ के पारंपरिक गीतों की प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र के बच्चे भी अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से महोत्सव की शोभा बढ़ाएंगे।

जिला प्रशासन की ओर से जिलेवासियों से परिवार सहित महोत्सव में शामिल होने की अपील की गई है। आयोजन का उद्देश्य छठ महापर्व की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं को प्रोत्साहित करना तथा लोकगीत और लोककलाओं को मंच प्रदान करना है।

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सोनी