उजड़ने के बाद राहत की आस, एकमा पंचायत में बेघर परिवारों तक पहुंचा प्रशासन
सुपौल, 16 मई (हि.स.)। सुपौल सदर प्रखंड के एकमा पंचायत में रेलवे की जमीन खाली कराने की कार्रवाई के बाद बेघर हुए भूमिहीन परिवारों के बीच प्रशासन ने राहत सामग्री पहुंचाई। खुले आसमान के नीचे दिन गुजार रहे करीब 30 परिवारों को अंचल प्रशासन की ओर से प्लास्टिक शीट उपलब्ध कराया गया, ताकि वे बारिश और तेज धूप से कुछ हद तक बचाव कर सकें।
दरअसल, रेलवे विभाग ने हाल ही में अपनी भूमि पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की थी। इस दौरान वर्षों से वहां रह रहे कई गरीब परिवारों के घर हटाए गए। अचानक आशियाना उजड़ जाने के बाद परिवार सड़क किनारे और खुले स्थानों पर रहने को मजबूर हो गए थे। मौसम की मार और रहने की समस्या ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी थीं।
प्रभावित परिवारों की स्थिति सामने आने के बाद युवा कांग्रेस के बिहार प्रदेश सचिव लक्ष्मण कुमार झा ने प्रशासन से तत्काल मदद की मांग की। उन्होंने अंचल अधिकारी से मिलकर कहा कि जब तक विस्थापित लोगों के लिए स्थायी व्यवस्था नहीं होती, तब तक उन्हें अस्थायी राहत दी जानी चाहिए।इसके बाद अंचल अधिकारी आनंद कुमार मंडल ने प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचकर प्लास्टिक शीट का वितरण कराया। उन्होंने कहा कि प्रशासन पीड़ित परिवारों की समस्याओं को गंभीरता से देख रहा है और जरूरत के अनुसार सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी प्रशासन से मांग की है कि भूमिहीन परिवारों के पुनर्वास के लिए स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि भविष्य में उन्हें बार-बार विस्थापन का दर्द न झेलना पड़े।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

