home page

रुस्तम अली अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय का इंटर में शत-प्रतिशत रिजल्ट

 | 

किशनगंज, 23 मार्च (हि.स.)। रुस्तम अली बिहार राज्य अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय, किशनगंज ने बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में शत-प्रतिशत परिणाम हासिल कर जिले का मान बढ़ाया है। विद्यालय के सभी 133 छात्र-छात्राएं परीक्षा में सफल घोषित हुए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, परीक्षा में कला संकाय के 50, जीव विज्ञान के 65 एवं गणित के 18 विद्यार्थी शामिल हुए थे। परिणाम में 125 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी तथा 8 विद्यार्थियों ने द्वितीय श्रेणी प्राप्त की है।

संकायवार टॉपर्स में कला संकाय से हशमत रज़ा ने 93.60 प्रतिशत अंक के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। विज्ञान (जीव विज्ञान) संकाय में काशिफ कमर ने 82.40 प्रतिशत अंक हासिल किए, जबकि विज्ञान (गणित) संकाय में जुनैद आलम ने 83.60 प्रतिशत अंक के साथ शीर्ष स्थान प्राप्त किया। विद्यालय के चार विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, जो सभी कला संकाय से हैं। वहीं 80 प्रतिशत से अधिक अंक पाने वाले कुल 31 विद्यार्थियों में कला के 22, जीव विज्ञान के 5 तथा गणित के 4 विद्यार्थी शामिल हैं।

विद्यालय की इस सफलता को विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन एवं प्रबंधन की बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था का परिणाम माना जा रहा है। सहायक निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण, किशनगंज ने सभी सफल विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। साथ ही विश्वास जताया कि विद्यालय आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करता रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार/धर्मेन्द्र सिंह

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह