सुपौल में ग्रामीण प्रशिक्षण शिविर आयोजित
सुपौल, 15 जुलाई (हि.स.)।श्रम संसाधन विभाग के निर्देश पर बुधवार को संयुक्त श्रम भवन, सुपौल में श्रम अधीक्षक सुशील कुमार यादव की अध्यक्षता में प्रथम एक दिवसीय ग्रामीण प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिले के सभी 11 प्रखंडों की विभिन्न पंचायतों से आए श्रमिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान श्रम अधीक्षक ने श्रमिकों को बिहार शताब्दी असंगठित कार्यक्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा (संशोधित) योजना, 2024, बिहार राज्य प्रवासी मजदूर दुर्घटना योजना, 2008, बाल श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, तथा बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत संचालित निबंधन एवं विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने श्रमिकों से योजनाओं का लाभ लेने के लिए समय पर निबंधन कराने और विभागीय सुविधाओं का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की।
शिविर में सहायक निदेशक, जिला बाल संरक्षण इकाई, महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र, प्रबंधक, जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र, सदस्य, बाल कल्याण समिति, जिला नियोजन पदाधिकारी सहित श्रम संसाधन विभाग के कई अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर आदित्य कुमार चौधरी (श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, सुपौल सदर), मिहिर कुमार (पिपरा), अमित कुमार केशरी (बसंतपुर), नितीन कुमार (प्रतापगंज) एवं विकास कुमार (किशनपुर) सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। सभी अधिकारियों ने श्रमिकों को विभाग द्वारा संचालित योजनाओं, निबंधन प्रक्रिया तथा सामाजिक सुरक्षा से संबंधित प्रावधानों की विस्तारपूर्वक जानकारी देकर उन्हें योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

