home page

आरएसएस के युवा सम्मेलन में बिहपुर खंड का दबदबा, कबड्डी, दौड़ और खो-खो में मारी बाजी

 | 
आरएसएस के युवा सम्मेलन में बिहपुर खंड का दबदबा, कबड्डी, दौड़ और खो-खो में मारी बाजी


भागलपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को नवगछिया के हाई स्कूल मैदान में भव्य युवा सम्मेलन सह खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में संघ जिला नवगछिया के सभी सात प्रखंडों के युवाओं और खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में बिहपुर खंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन मुख्य स्पर्धाओं में जीत हासिल की और ओवरऑल चैंपियन बने।

बिहपुर खंड संयोजक संजीव कुमार एवं समाजसेवी सह पूर्व प्रखंड कार्यवाह निरंजन साह के नेतृत्व में प्रखंड से 35 प्रतिभावान खिलाड़ियों ने भाग लिया था। खेल में अंडर-16 कबड्डी स्पर्धा में बभनगामा की टीम ने विरोधी टीम को हराकर बाजी मारी। वहीं दौड़ प्रतियोगिता में गौरीपुर के शिवम कुमार ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि खो-खो में सोनवर्षा की टीम ने अपने बेहतरीन खेल का परचम लहराया। तीनों मुख्य खेलों में बिहपुर खंड के बच्चों ने प्रथम पुरस्कार जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सह आरएसएस के क्षेत्र प्रचारक रामनवमी जी ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल, प्रशस्ति पत्र और चमचमाती शील्ड प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि खेल से युवाओं में अनुशासन और राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत होती है।

खिलाड़ियों को सम्मानित करने में मुख्य अतिथि के साथ निरंजन साह, बिहपुर समरसता प्रमुख अनिल ठाकुर और संजीव कुमार ने भी अहम भूमिका निभाई।बिहपुर खंड के बच्चों की इस शानदार और ऐतिहासिक जीत पर बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर विधानसभा के विधायक ई. शैलेंद्र ने सभी खिलाड़ियों और खेल संगठनों को बधाई दी है।

स्थानीय खेल प्रेमियों ने बताया कि दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर माननीय मंत्री से आग्रह किया जाएगा कि वे बभनगामा में सभी विजेता बच्चों को विशेष रूप से सम्मानित करें, ताकि ग्रामीण क्षेत्र की इस खेल प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सके और आने वाले समय में बिहपुर में भी ऐसे बड़े खेल आयोजनों का मार्ग प्रशस्त हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर