home page

संघ स्थान पर नववर्ष कार्यक्रम का आयोजन

 | 
संघ स्थान पर नववर्ष कार्यक्रम का आयोजन


पूर्वी चंपारण,19 मार्च (हि.स.)। संघ स्थान पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, सुगौली नगर के स्वयंसेवकों द्वारा नववर्ष के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सभी स्वयंसेवक बंधु एकत्रित हुए और उत्साहपूर्वक नववर्ष का स्वागत किया।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी बंधुओं ने क्षेत्र के समस्त प्रखंडवासियों को नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और समाज में एकता, सद्भाव एवं राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान नववर्ष के महत्व पर प्रकाश डालते हुए वक्ताओं ने कहा कि यह समय नई ऊर्जा, नई सोच और सकारात्मक बदलाव के साथ आगे बढ़ने का है। “दिल में हों नई उमंगें, आंखों में उल्लास नया, नए गगन को छू लेने का मन में हो विश्वास नया” जैसे प्रेरणादायक विचारों के साथ सभी को जीवन में प्रगति और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।

साथ ही चैत्र शुक्ल प्रतिपदा विक्रम संवत् 2083 हिन्दू नववर्ष की शुभकामनाएं भी दी गईं। सामाजिक एकता और संस्कृति को सशक्त करने का संकल्प

कार्यक्रम में संचालक संघ हरिशंकर प्रसाद एवं आचार्य रामनरेश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि नववर्ष में हम सब मिलकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संकल्प लें।

इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि प्रदीप सर्राफ, भाजपा नेता अंकुर चौधरी, विश्व हिन्दू परिषद अध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा, बजरंगी प्रसाद, रविभूषण कुमार, रिशु कुमार, उमेश बरनवाल, पप्पू सर्राफ, शम्भूनारायण प्रसाद, विनय कुमार, सागर खंडेलवाल एवं शत्रुध्न प्रसाद सहित कई स्वयंसेवक बंधु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित और समाज सेवा के संकल्प के साथ हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार