संघ के शताब्दी वर्ष पर छपरा में पथ संचलन कार्यक्रम का हुआ आयोजन
सारण, 05 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर छपरा में एक पथ संचलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की शुरुआत शहर के एक निजी विवाह भवन में ध्वज प्रणाम के साथ हुई।
इसके बाद पूर्ण गणवेश में सजे स्वयंसेवकों ने घोष की धुनों पर कदम से कदम मिलाकर पथसंचलन शुरू किया। यह संचलन शहर के प्रमुख मार्गों, जैसे अस्पताल चौक, राम राज्य चौक, नारायण चौक, थाना चौक और नगरपालिका चौक सहित विभिन्न चौक-चौराहों से गुजरा। नगर भ्रमण के दौरान जगह-जगह स्थानीय नागरिकों द्वारा स्वयंसेवकों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया गया।
विभिन्न मार्गों से होते हुए यह पथ संचलन पुनः विवाह भवन पहुंचकर समाप्त हो गया। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सहित विभिन्न अनुषांगिक संगठनों के कार्यकर्ता, स्वयंसेवक उपस्थित थे, जिन्होंने राष्ट्र निर्माण का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

