home page

किशनगंज के 1.58 लाख पेंशनधारियों के खाते में पहुंचे 17.45 करोड़ रुपये

 | 
किशनगंज के 1.58 लाख पेंशनधारियों के खाते में पहुंचे 17.45 करोड़ रुपये


किशनगंज, 10 नवंबर (हि.स.)। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत किशनगंज जिले के 1,58,710 लाभुकों के बैंक खातों में मंगलवार को डीबीटी के माध्यम से अक्टूबर 2026 की पेंशन राशि हस्तांतरित की गई।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के तहत जिले के लाभुकों के खाते में कुल 17 करोड़ 45 लाख 81 हजार रुपये भेजे गए। प्रत्येक लाभुक को 1100 रुपये की दर से पेंशन की राशि उपलब्ध कराई गई। इस अवसर पर समाहरणालय स्थित एनआईसी कक्ष में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में राज्य स्तरीय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री द्वारा पेंशन राशि अंतरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया।

इसमें जिलाधिकारी नवीन कुमार सहित सामाजिक सुरक्षा कोषांग के पदाधिकारी, कर्मी एवं बड़ी संख्या में पेंशन लाभुक शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान वरीय उप समाहर्ता सह सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग ने योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि अब प्रत्येक माह की 10 तारीख को पेंशन की राशि लाभुकों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की जाएगी। इससे वृद्धजनों, विधवाओं एवं दिव्यांगजनों को नियमित आर्थिक सहायता मिल सकेगी।

जिलाधिकारी नवीन कुमार ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों को आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने में मदद करती है। जिला प्रशासन ने वैसे पेंशन लाभुकों से जल्द जीवन प्रमाणीकरण एवं आधार सीडिंग कराने की अपील की है, जिन्होंने अब तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है। इससे पेंशन भुगतान समय पर सुनिश्चित किया जा सकेगा। लाभुकों ने राशि अंतरण पर मुख्यमंत्री एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह