home page

सीवान रेलवे स्टेशन पर विदेशी व देसी शराब के साथ छह तस्कर गिरफ्तार

 | 
सीवान रेलवे स्टेशन पर विदेशी व देसी शराब के साथ छह तस्कर गिरफ्तार


सीवान रेलवे स्टेशन पर विदेशी व देसी शराब के साथ छह तस्कर गिरफ्तार


सीवान, 07 अगस्त (हि.स.)। शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीवान आरपीएफ को शुक्रवार को बड़ी सफलता मिली।

वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, वाराणसी एवं सहायक सुरक्षा आयुक्त, छपरा के निर्देश तथा प्रभारी निरीक्षक, आरपीएफ पोस्ट सीवान के पर्यवेक्षण में गठित टास्क टीम ने अलग-अलग ट्रेनों में कार्रवाई करते हुए विदेशी एवं देसी शराब के साथ छह शराब तस्करों को गिरफ्तार किया।

दोनों कार्रवाई में कुल 67.36 लीटर शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 26,780 रुपये बताई गई है। पहली कार्रवाई गाड़ी संख्या 15028 में अपराध नियंत्रण एवं निगरानी के दौरान की गई. टीम ने प्लेटफॉर्म संख्या-1 के पश्चिमी छोर से तीन तस्करों को विभिन्न ब्रांड की विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपितों में सीवान नगर थाने के सोनार टोली निवासी राजेश कुमार के पुत्र हर्ष कुमार शामिल है। उसके पास से ब्लेंडर्स प्राइड की 180 मिलीलीटर वाली 18 बोतल बरामद हुई, जिसकी कीमत 4,500 रुपये बताई गई है। दूसरे आरोपी सीवान नगर थाना क्षेत्र के निराला नगर निवासी महावीर प्रताप सोनी के पुत्र विनोद सोनी के पास से ब्लेंडर्स प्राइड की आठ बोतल, स्मिरनॉफ वोडका जामुन फ्लेवर की सात बोतल और रॉयल स्टेज की चार बोतल बरामद हुई।

बरामद शराब की कुल कीमत 4,510 रुपये है। तीसरे आरोपी सीवान नगर थाना क्षेत्र के नवलपुर निवासी अशोक चौहान के पुत्र अर्जुन चौहान के पास से 8 पीएम की 14 टेट्रा पैक शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत 1,820 रुपये बताई गई है.इस कार्रवाई में कुल 9.360 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।

देसी शराब के साथ तीन और गिरफ्तार

इसी दिन दूसरी कार्रवाई गाड़ी संख्या 55102 में की गई. प्लेटफॉर्म संख्या-1 के पश्चिमी छोर से तीन अन्य तस्करों को 290 पाउच बंटी-बबली लाइम देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। बरामद शराब की कुल मात्रा 58 लीटर और कीमत 15,950 रुपये बताई गई है.

गिरफ्तार मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लखराव निवासी शिवनाथ यादव के पुत्र प्रदीप कुमार यादव के पास से 90 पाउच शराब बरामद हुई। नगर थाना क्षेत्र के दक्षिण टोला निवासी रामानंद चौहान के पुत्र रुदल चौहान के पास से भी 90 पाउच बरामद हुए। वहीं नगर थाना क्षेत्र के खुरमाबाद निवासी स्वर्गीय धूप चौहान के पुत्र पिंटू चौहान के पास से 110 पाउच शराब बरामद हुई।

दोनों मामलों में बरामद शराब को आरपीएफ ने कब्जे में लेकर अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, सीवान को सौंप दिया। विदेशी शराब मामले में कांड संख्या 632/26 तथा देसी शराब मामले में कांड संख्या 631/26 दर्ज किया गया है।

कार्रवाई करने वाली टीम में उप निरीक्षक जयेंद्र कुमार मिश्रा, हेड कांस्टेबल परमेंद्र राय, कांस्टेबल विजय कुमार यादव एवं कांस्टेबल नीरज कुमार पांडेय, आरपीएफ पोस्ट सीवान शामिल थे।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma