home page

रोटरी क्लब बक्सर का नया संकल्प: गांवों तक पहुंचेगी सेवा, ब्लड बैंक और नए आई हॉस्पिटल की तैयारी

 | 
रोटरी क्लब बक्सर का नया संकल्प: गांवों तक पहुंचेगी सेवा, ब्लड बैंक और नए आई हॉस्पिटल की तैयारी


बक्सर, 21 जुलाई (हि.स.)।

रोटरी क्लब बक्सर के 45 वें इंस्टालेशन समारोह से पूर्व नया बाजार स्थित आशीर्वाद बैंक्वेट हॉल में आयोजित पत्रकार वार्ता में रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अन्नू नारंग ने आगामी सत्र 2026-27 की कार्ययोजना का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष क्लब स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में पहले से अधिक व्यापक स्तर पर सामाजिक सेवा कार्य करेगा।

उन्होंने बताया कि प्रताप सागर स्थित डायलिसिस सेंटर और डुमरांव के आई हॉस्पिटल की सेवाएं पूर्ववत जारी रहेंगी। साथ ही बक्सर में जल्द ही ब्लड बैंक की सुविधा शुरू की जाएगी, जिससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सकेगा। सिविल लाइन स्थित सहेली भवन में संचालित महिला प्रशिक्षण केंद्र को और सशक्त बनाने की भी योजना है, जहां हर वर्ष सैकड़ों महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का प्रशिक्षण दिया जाता है।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष रोटेरियन निर्मल कुमार ने कहा कि रोटरी की गतिविधियों का विस्तार अब ग्रामीण क्षेत्रों तक किया जाएगा। क्लब एक ग्रामीण विद्यालय को गोद लेकर उसके समग्र विकास के लिए कार्य करेगा। इसके अलावा प्रत्येक माह आयोजित होने वाले नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर गांवों में भी लगाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।

पर्यावरण संरक्षण के लिए क्लब ने विशेष अभियान शुरू करने की घोषणा की। इसके तहत प्रत्येक सदस्य अपने जन्मदिन या विवाह वर्षगांठ पर एक पौधा लगाएगा और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएगा।

असिस्टेंट गवर्नर रोटेरियन टी.एन. चौबे ने बताया कि आई हॉस्पिटल, महिला प्रशिक्षण केंद्र और डायलिसिस सेंटर में पुराने उपकरणों को आधुनिक संसाधनों से बदला जाएगा। साथ ही जिले में एक और आई हॉस्पिटल स्थापित करने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे।

प्रेसवार्ता में रोटेरियन प्रदीप जायसवाल, सचिव मनोज वर्मा, डॉ. दिलशाद आलम, मीना सिंह, सुनीता सिंह, राजकुमार सिंह, दीपक अग्रवाल, एस.एम. शाहिल, सौरव तिवारी, राजेश केशरी, मनीष पांडेय, मंजेश केसरी, आर. राघवन सहित रोटरी क्लब के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। रोटरी क्लब की नई कार्ययोजना से स्पष्ट है कि आगामी सत्र में संस्था समाज के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवाओं का दायरा और अधिक विस्तृत करने जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra