home page

रौनियार महासभा का हुआ सफल आयोजन

 | 
रौनियार महासभा का हुआ सफल आयोजन


सुपौल, 23 अगस्त (हि.स.)। जिला के तत्वावधान में रविवार को कौशल्या बैंक्विट हॉल, सुपौल में महासभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से रौनियार समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। महासभा का मुख्य उद्देश्य समाज को संगठित करना, आपसी एकजुटता को मजबूत करना तथा सामाजिक एवं शैक्षणिक विकास की दिशा में सामूहिक प्रयास को आगे बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार प्रदेश उपाध्यक्ष बजरंगी गुप्ता, युवा प्रदेश संगठन मंत्री रवि गुप्ता, प्रमंडल अध्यक्ष विजय गुप्ता तथा जिला अध्यक्ष सहरसा विजय गुप्ता उपस्थित रहे। अतिथियों का उपस्थित सदस्यों द्वारा स्वागत किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता हरे राम गुप्ता ने की।

महासभा के दौरान रौनियार समाज की एकजुटता, संगठन के विस्तार और समाज के हित में किए जाने वाले कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी समाज की मजबूती उसके संगठन और आपसी सहयोग पर निर्भर करती है। इसलिए समाज के सभी लोगों को एक मंच पर आकर सामाजिक विकास के लिए मिलकर कार्य करने की आवश्यकता है।

बैठक में विशेष रूप से युवाओं की भूमिका पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि युवा समाज की शक्ति हैं और उन्हें संगठन से जोड़कर शिक्षा, रोजगार, सामाजिक जागरूकता तथा समाज सुधार से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए। समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता और प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहन देने जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

महासभा में संगठन को जिला स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से नई जिला कमेटी के गठन की घोषणा की गई। सर्वसम्मति से गणेश कुमार गुप्ता को अखिल भारतीय रौनियार वैश्य महासभा, सुपौल जिला का जिला अध्यक्ष बनाया गया। वहीं अभय कुमार को कोषाध्यक्ष तथा शिव शंकर गुप्ता को जिला महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई।

नई कमेटी के गठन के बाद उपस्थित समाज के लोगों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी और उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में सुपौल जिले में संगठन को नई मजबूती मिलेगी। सदस्यों ने कहा कि संगठन का विस्तार प्रखंड और पंचायत स्तर तक किया जाएगा, ताकि समाज के अधिक से अधिक लोगों को एकजुट कर संगठन से जोड़ा जा सके।

नवनियुक्त जिला अध्यक्ष गणेश कुमार गुप्ता ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वे पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे। उनका प्रयास रहेगा कि जिले के रौनियार समाज के सभी लोगों को संगठन से जोड़ा जाए और समाज की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाकर उनके समाधान की दिशा में काम किया जाए। उन्होंने समाज के लोगों से संगठन को मजबूत बनाने के लिए सहयोग की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र