home page

मजबूत वित्तीय स्थिति से शहरी विकास को मिलेगी नई गति : विजय कुमार सिन्हा

 | 
मजबूत वित्तीय स्थिति से शहरी विकास को मिलेगी नई गति : विजय कुमार सिन्हा


-शहरी निकायों के राजस्व संग्रहण में उल्लेखनीय वृद्धि

पटना, 07 अप्रैल (हि.स.)। उप मुख्यमंत्री सह नगर विकास एवं आवास मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने मगलवार को बताया कि राज्य के शहरी निकायों में राजस्व संग्रहण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि मजबूत वित्तीय स्थिति से शहरी विकास को नई गति मिलेगी।

नगर विकास मंत्री विजय सिन्हा ने बताया कि वित्तीय वर्ष 01 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 की अवधि में राज्य के नगर निकायों द्वारा होल्डिंग टैक्स सहित कुल राजस्व संग्रहण में संतोषजनक वृद्धि हुई है, जो शहरी प्रशासन की सुदृढ़ वित्तीय स्थिति एवं बेहतर प्रबंधन को दर्शाता है। राज्य के कुल 19 नगर निगम, 89 नगर परिषद एवं 156 नगर पंचायतों से उक्त अवधि के दौरान होल्डिंग टैक्स सहित कुल 908 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व संग्रहण किया गया है। इसमें केवल होल्डिंग टैक्स वसूली का लक्ष्य 533 करोड़ रुपये था, जबकि 565 करोड़ रूपये से अधिक की वसूली की गई जो कुल लक्ष्य का 106 प्रतिशत है।

उपमुख्यमंत्री सिन्हा ने कहा कि यह उपलब्धि राज्य सरकार द्वारा शहरी निकायों में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं डिजिटल प्रक्रियाओं को बढ़ावा देने के निरंतर प्रयासों का परिणाम है। विभाग द्वारा राजस्व संग्रहण की प्रक्रिया को सरल एवं प्रभावी बनाने के लिए ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था, समयबद्ध कर निर्धारण एवं नियमित मॉनिटरिंग जैसी पहलें की गई हैं, जिससे नागरिकों की भागीदारी भी बढ़ी है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी निकायों की वित्तीय सुदृढ़ता राज्य के समग्र शहरी विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। बढ़ा हुआ राजस्व संग्रहण शहरी आधारभूत संरचना के विकास, स्वच्छता व्यवस्था, जलापूर्ति, सड़क निर्माण तथा अन्य नागरिक सुविधाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी समय में राज्य के नगर निकाय राजस्व संग्रहण के नए मानक स्थापित करेंगे और बिहार को स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं आधुनिक शहरी ढांचे की दिशा में अग्रसर करेंगे।

उल्लेखनीय है कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में होल्डिंग टैक्स सहित कुल राजस्व संग्रहण 432 करोड़ रुपये तथा केवल होल्डिंग टैक्स का संग्रहण 290 करोड़ रुपये हुआ था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी