'लूट' का ड्रामा पड़ा महंगा, 4 घंटे के भीतर मास्टरमाइंड सहित दो गिरफ्तार
कटिहार, 09 अगस्त (हि.स.)। पुलिस ने 3 लाख रुपये की लूट की झूठी कहानी गढ़ने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए महज 4 घंटे के भीतर मामले को सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और लूटी गई पूरी रकम 3 लाख रुपये नकद बरामद कर ली है।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार, आयुष अग्रवाल व्यवसायी (26 वर्ष, पिता- कन्हैया लाल अग्रवाल, साकिन- सालमारी, थाना- सालमारी, जिला- कटिहार) ने अपने स्टाफ गणेश राय और समद आलम को मनीहारी से ट्रैक्टर की बकाया राशि के रूप में 3 लाख रुपये लाने भेजा था। लौटते समय गणेश राय ने पुलिस को सूचना दी कि चांदपुर बांध के पास दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने हथियार के बल पर उनसे 3 लाख रुपये लूट लिए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आजमनगर थाना कांड संख्या-455/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान जब पुलिस ने स्टाफ गणेश राय से पूछताछ की, तो उसके बयानों में काफी विरोधाभास पाया गया। पुलिस की सख्ती के आगे गणेश टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि यह लूट की घटना पूरी तरह फर्जी थी और उसने अपने साथी संजीत कुमार पासवान के साथ मिलकर पैसे हड़पने की साजिश रची थी।
गणेश की निशानदेही पर पुलिस ने उसके साथी संजीत कुमार पासवान के घर पर छापेमारी की। वहां से 3 लाख रुपये की बरामदगी की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गणेश राय (45 वर्ष) और संजीत कुमार पासवान (27 वर्ष), निवासी डोलमारा, थाना सालमारी, जिला कटिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

