home page

दो महीने से अधूरी सड़क, 1.96 करोड़ की योजना पर उठे सवाल

 | 

दरभंगा, 18 सितंबर (हि.स.)। दरभंगा जिला अंतर्गत तारडीह प्रखंड अंतर्गत ग्रामीण सड़क सुदृढ़ीकरण एवं प्रबंधन योजना के तहत L034-T02 से नदियामी (VR34) तक 2.305 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण निर्धारित समय-सीमा बीतने के बावजूद पूरा नहीं हो सका है। सड़क में 2.100 किलोमीटर डामर तथा 0.205 किलोमीटर पीसीसी का कार्य शामिल है। योजना की प्राक्कलित राशि 196.135 लाख रुपये यानी करीब 1.96 करोड़ रुपये है, जबकि मूल कार्य की राशि 168.177 लाख रुपये निर्धारित है।

योजना का एकरारनामा संख्या 03CMBD/2025-26 है। कार्य शुरू करने की तिथि 06 अगस्त 2025 और पूर्णता की निर्धारित तिथि 05 अगस्त 2026 थी। निर्माण की जिम्मेदारी कुंवर कन्स्ट्रक्शन को दी गई है।

पंचखुटी से बरकीगाछ बसाही होते हुए कुरसो हाट की ओर सड़क की खुदाई कर रोलर चलाने के बाद निर्माण कार्य ठप पड़ गया है। करीब दो महीने से काम आगे नहीं बढ़ने के कारण सड़क कई जगह उखड़ी और असमतल हो गई है। इससे इस मार्ग से रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को धूल, गड्ढे और उबड़-खाबड़ रास्ते की परेशानी झेलनी पड़ रही है। यह मार्ग ठेंगहा सहित तारडीह प्रखंड को अलीनगर क्षेत्र से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है।

निर्माण कार्य में देरी को लेकर नदियामी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि कन्हैया चौधरी और बैका पंचायत के पूर्व मुखिया शंभु कुमार पासवान ने नाराजगी जताई है। वहीं एमएसयू नेता गौतम झा ने कहा कि निर्माण कार्य में शीघ्रता नहीं दिखाई गई तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे।

निर्धारित समय-सीमा समाप्त होने के बाद भी सड़क अधूरी रहने से संवेदक की कार्यप्रणाली के साथ संबंधित अभियंता और विभागीय निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य बंद रहने के दौरान विभागीय स्तर से स्थल निरीक्षण और संवेदक से जवाब-तलब की कार्रवाई की गई या नहीं, यह स्पष्ट किया जाना चाहिए।

स्वतंत्र लेखक मनीष कुमार ने कहा कि विकास योजनाओं में अनावश्यक देरी का सीधा असर आम लोगों पर पड़ता है। निर्धारित समय-सीमा समाप्त होने के बाद सड़क निर्माण पूरा कराने के लिए विभागीय स्तर पर प्रभावी पहल होनी चाहिए।

इधर, संवेदक से संपर्क किए जाने पर उन्होंने एक सप्ताह के भीतर निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराने का आश्वासन दिया है। अब देखना है कि निर्माण कार्य कब शुरू होता है और सड़क निर्धारित मानकों के अनुरूप कब तक पूरी होती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra