तेज रफ्तार बाइक बनी हादसे की वजह: दो किशोर गंभीर, हायर सेंटर रेफर
सुपौल, 06 अप्रैल (हि.स.)। जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक के कारण दो किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना एनएच-106 ओवरब्रिज के बाइपास मार्ग पर डाक बंगला के समीप हुई, जहां अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ने से दोनों युवक सड़क से नीचे जा गिरे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक काफी तेज गति में थी और चालक उस पर नियंत्रण नहीं रख सका। देखते ही देखते बाइक फिसल गई और दोनों सवार जोरदार तरीके से सड़क पर गिर पड़े। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दोनों किशोरों के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को रेफरल अस्पताल राघोपुर पहुंचाया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन दोनों की स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घायलों की पहचान सिमराही नगर पंचायत वार्ड संख्या-5 निवासी शमशेर के 14 वर्षीय पुत्र मोहम्मद तोखिर और मोहम्मद करीमुद्दीन के 15 वर्षीय पुत्र मोहम्मद चांद के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार एक किशोर के सिर में गंभीर चोट लगी है, जबकि दूसरे के सिर के साथ-साथ शरीर के अन्य हिस्सों में भी गहरी चोटें आई हैं।
डॉक्टरों की सलाह पर दोनों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। एक किशोर को बेहतर इलाज के लिए नेपाल के एक निजी अस्पताल भेजा गया है, जबकि दूसरे का इलाज मधेपुरा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। दोनों की हालत अब भी चिंताजनक बनी हुई है, जिससे परिजनों में चिंता का माहौल है।
इस संबंध में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

