home page

तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को मारी टक्कर,एक की मौत दो घायल

 | 
तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को मारी टक्कर,एक की मौत दो घायल


अररिया 14 सितम्बर(हि.स.)। अररिया-फारबिसगंज मार्ग में एनएच 27 पर हड़ियाबाड़ा टोल प्लाजा के पास सोमवार को तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर पीछे बैठे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतक की पहचान बसंतपुर, मानिकपुर वार्ड संख्या 8 निवासी 25 वर्षीय मो. अशरफ आलम पिता मो.इस्लाम के रूप में हुई है। मृतक के रिश्तेदार मो. सद्दाम हुसैन ने बताया कि तीनों युवक राजमिस्त्री का काम करते हैं।एक ही बाइक से काम के लिए पोठिया जा रहे थे।

स्थानीय लोगों ने बताया कि हड़ियाबाड़ा टोल प्लाजा से आगे बढ़ते ही पीछे से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर पीछे बैठे मो. अशरफ आलम की मौत हो गई। बाइक चला रहे मो. महमूद आलम को भी चोटें लगी हैं।

स्थानीय लोगों और एनएचएआई की एंबुलेंस की मदद से तीनों को अररिया सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने मो. अशरफ आलम को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल शाहिद की हालत नाजुक होने पर प्राथमिक इलाज के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। मो. महमूद आलम का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।

मो. अशरफ आलम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। उनके दो छोटे बच्चे हैं। परिवार के कमाने वाले सदस्य की मौत के बाद परिजनों का बुरा हाल है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर