home page

सुपौल के युवक की सड़क हादसे में मौत, साथी घायल

 | 
सुपौल के युवक की सड़क हादसे में मौत, साथी घायल


सुपौल, 07 जून (हि.स.)। जिले के जदिया थाना क्षेत्र के एक युवक की शनिवार देर शाम सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। यह हादसा जदिया से सटे मधेपुरा जिले के कुमारखंड थाना क्षेत्र अंतर्गत बिशनपुर चौक के समीप एसएच-91 पर हुआ। दुर्घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

मिली जानकारी के अनुसार जदिया वार्ड संख्या-10 निवासी सौरभ कुमार (पुत्र रामविलास साह) अपने साथी साईं के साथ अपाचे बाइक से टीकूलिया की ओर जा रहा था। इसी दौरान मुरलीगंज की दिशा से आ रही एक हाइवा ट्रक से उनकी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल त्रिवेणीगंज रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया।

वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. बी.एन. पासवान ने जांच के बाद सौरभ कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल साईं का प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति खतरे से बाहर है और उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया।हादसे की सूचना मिलते ही कुमारखंड थाना अध्यक्ष रंजन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात बाधित हो गया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और सड़क पर आवागमन बहाल कराया।

थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बाइक को पुलिस ने जब्त कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। उधर, सौरभ कुमार की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि मोहल्ले और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र