home page

मासूम की मौत के बाद भड़का आक्रोश,पांच पुलिसकर्मी हुए घायल

 | 
मासूम की मौत के बाद भड़का आक्रोश,पांच पुलिसकर्मी हुए घायल


मासूम की मौत के बाद भड़का आक्रोश,पांच पुलिसकर्मी हुए घायल


अररिया 28 नवम्बर(हि.स.)।

जिले के बसमतिया थाना क्षेत्र के बेला पंचायत के भैरोगंज में बीती रात्रि कार की ठोकर से छह वर्षीय मासूम बच्चे की मौत के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। घटना से आक्रोशित सैकड़ों ग्रामीणों ने भारत नेपाल बॉर्डर रोड को जाम कर दिया।

कार चालक रामकुमार मेहता को मृतक के स्वजनों और ग्रामीणों ने बंधक बना लिया। घटना की सूचना मिलने पर बसमतिया थाना पुलिस और एसएसबी के जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों के कब्जे से चालक को मुक्त कराने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा।

देखते ही देखते स्थिति उग्र हो गई। आक्रोशित लोगों और पुलिस के बीच झड़प होने लगी। भीड़ ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया,जिसमें पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए।वहीं कई पुलिसकर्मी चोटिल हो गए।आक्रोशित भीड़ ने एक पुलिस वाहन और पुलिस के दो बाइक को आग के हवाले कर दिया।झड़प में घूरना थाना के डायल 112 वाहन के चालक अजीत कुमार को गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें बेहतर इलाज के लिए सुपौल जिले के वीरपुर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया । अन्य घायल पुलिसकर्मियों का भी इलाज कराया गया।

सूचना के बाद देर रात ही एसपी जितेन्द्र कुमार,फारबिसगंज एसडीपीओ राजकिशोर प्रसाद सहित कई थाना की पुलिस के साथ भारी संख्या पुलिस बल रात को मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

मामले पर एसपी जितेन्द्र कुमार ने बताया कि बीती रात सड़क हादसे में ढाई साल के बालक की मौत के बाद भीड़ द्वारा आरोपित कार चालक को बंधक बना लिया गया था।

ग्रामीण सड़क जाम कर दिए थे।सूचना पर मौके पर बसमतिया और घूरना पुलिस पहुंची और लोगों को समझा बुझाकर शांत करते हुए बंधक बनाए गए चालक को मुक्त करा लिया था,लेकिन इसी दौरान गांव की कुछ महिलाएं उग्र हो गई और पुलिस टीम पर हमला कर दिया।जिसमें पांच पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।

सभी का इलाज कराया गया है।भीड़ ने पुलिस की गाड़ी में भी आग लगाई,जिसे फायर बिग्रेड की मदद से बुझाया गया।विधि व्यवस्था सामान्य होने की बात करते हुए मामले में अग्रतर कार्रवाई करने की बात कही।वहीं पुलिस पर किए गए हमले और आगजनी को लेकर विधि सम्मत समुचित कार्रवाई करने की बात कही।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर