रोजगार मेले का सांसद व विधायक ने किया उद्घाटन, नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण का दिलाया संकल्प
बेतिया, 15 सितंबर (हि.स.)।ईश्वर शांति महाविद्यालय, झखरा के परिसर में मंगलवार को रोजगार मेला एवं पर्यावरण संरक्षण पर आधारित कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बेतिया सांसद डॉ. संजय जायसवाल एवं विधायक नारायण प्रसाद ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। महाविद्यालय के अध्यक्ष ज्ञानेंद्र शरण ने आगंतुक अतिथियों का अंगवस्त्र एवं मोमेंटो भेंट कर स्वागत किया।
रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाली कैरियर ट्री, चेन्नई की ओर से करीब 300 युवक-युवतियों को रोजगार का अवसर प्रदान किया गया। रोजगार मिलने की उम्मीद से बड़ी संख्या में युवा मेले में पहुंचे। इस दौरान युवाओं को रोजगार के साथ-साथ करियर निर्माण से जुड़ी जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में संचालित महाविद्यालय में रोजगार मेले का आयोजन युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। इससे क्षेत्र के युवक-युवतियों को अपने घर के आसपास रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
विधायक नारायण प्रसाद ने युवाओं को नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि युवा देश की ताकत हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षा, रोजगार तथा नशामुक्त वातावरण जरूरी है।
महाविद्यालय के सचिव सत्येंद्र शरण ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान विकसित भारत क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागियों को महाविद्यालय की फीस में 20 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। वहीं पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को पौधरोपण एवं पर्यावरण बचाने का संदेश दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक

