home page

पुरातन धरोहरों के पुनरुद्धार की पहल तेज

 | 
पुरातन धरोहरों के पुनरुद्धार की पहल तेज


-प्रशासनिक स्तर पर शुरू हुई ऐतिहासिक स्थलों की पहचान

पूर्वी चंपारण,07 मई (हि.स.)। जिले के सुगौली प्रखंड क्षेत्र में स्थित पुरातन अवशेषों, ऐतिहासिक स्मारकों एवं जीर्ण-शीर्ण हो चुकी धरोहरों के पुनरुद्धार की दिशा में प्रशासनिक पहल तेज हो गई है। सरकार द्वारा इन ऐतिहासिक पहचान को संरक्षित एवं पुनर्जीवित करने की तैयारी की जा रही है।इसको लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी नूतन किरण ने क्षेत्र के पुराने स्मारकों और अवशेषों की पहचान शुरू कर दी है। गुरुवार को उन्होंने नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या 12 स्थित गिरजा टोला में अंग्रेजों के स्मारक तथा वार्ड संख्या 3 में स्थित प्राचीन शिव मंदिर का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान इन स्थलों की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया गया।बीडीओ ने बताया कि प्रखंड क्षेत्र के अन्य ऐतिहासिक स्थलों एवं पुरातन अवशेषों का भी सर्वे कराया जाएगा और उनकी स्थिति की विस्तृत सूची तैयार की जाएगी। इसके बाद संबंधित विभाग को रिपोर्ट भेजकर संरक्षण एवं पुनरुद्धार की दिशा में आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।उन्होंने कहा कि इन धरोहरों के पुनर्जीवन से हमारी सांस्कृतिक विरासत सुरक्षित रहेगी तथा वर्तमान और आने वाली पीढ़ी अपने इतिहास और देश की पहचान को बेहतर ढंग से समझ सकेगी। प्रशासन की इस पहल से क्षेत्र के लोगों में भी उत्साह देखा जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार