'सबका सम्मान-जीवन आसान' कार्यक्रम में डीएम ने सुनी 59 से अधिक समस्याएं, त्वरित निष्पादन के निर्देश
कटिहार, 31 जुलाई (हि.स.)। जिलाधिकारी के कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को 'सबका सम्मान-जीवन आसान' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। डीएम आशुतोष द्विवेदी ने वरीय अधिकारियों की उपस्थिति में जिले के विभिन्न कोनों से पहुंचे 59 से अधिक परिवादकर्ताओं की फरियाद को गंभीरता से सुना और मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
जनता दरबार में पहुंचे आमजनों ने मुख्य रूप से भूमि विवाद, आपसी बंटवारा, जमीन पर अतिक्रमण, कल्याण, बैंकिंग, आपूर्ति, स्वास्थ्य, नगर पंचायत, पंचायती राज और विद्युत विभाग के मामलों के अलावा वरीय पदाधिकारियों के कार्यालयों से संबंधित अन्य विभिन्न आवेदन दर्ज कराए।
जिलाधिकारी ने आवेदकों की समस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन के लिए जिले के वरीय अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी। इनमें अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, भूमि सुधार उपसमाहर्ता (सदर, बारसोई एवं मनिहारी) तथा अनुमंडल पदाधिकारी (सदर, बारसोई एवं मनिहारी) शामिल हैं। इन सभी अधिकारियों को मामलों की जांच कर यथाशीघ्र प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा गया है।
भूमि विवाद से संबंधित प्राप्त आवेदनों पर विशेष रुख अपनाते हुए डीएम ने सभी संबंधित अंचलाधिकारी और थानाध्यक्ष को निर्देश दिया है कि वे हर शनिवार को अंचल स्तर पर आयोजित होने वाले जनता साक्षात्कार कार्यक्रम में दोनों पक्षों के लोगों को बुलाएं। इन मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निष्पक्ष रूप से निराकरण कराने का निर्देश दिया गया है, ताकि आम जनता को प्रशासनिक कार्यों के लिए अनावश्यक चक्कर न काटने पड़ें।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

