गर्मी में पेयजल संकट से बचने के लिए डीएम ने नौ चापाकल मरम्मती दल को किया रवाना
अररिया 12 मार्च(हि.स.)। गर्मी में पेयजल की होने वाली संकट के मद्देनजर अररिया जिला प्रशासन ने अभी से ही तैयारी शुरू कर दी है।जिले के नौ प्रखंडों में खराब पड़े चापाकल की मरम्मती को लेकर डीएम ने नौ चापाकल मरम्मती दल को गुरुवार को रवाना किया।डीएम विनोद दूहन द्वारा समाहरणालय परिसर से चापाकल मरम्मती दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर लोक स्वास्थ्य प्रमंडल अररिया एवं फारबिसगंज के कार्यपालक अभियंता सहित पीएचईडी विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस संबंध में कार्यपालक अभियंता अभियंता पीएचईडी अररिया एवं फारबिसगंज द्वारा संयुक्त रूप से बताया गया कि जिला के अन्तर्गत लोक स्वास्थ्य प्रमंडल, अररिया में कुल पांच प्रखंड यथा अररिया, रानीगंज, जोकीहाट, पलासी एवं सिकटी में चापाकल मरम्मती हेतु पांच मरम्मती दल का गठन किया गया है एवं लोक स्वास्थ्य प्रमंडल, फारबिसगंज में कुल चार प्रखंड यथा फारबिसगंज, नरपतगंज, भरगामा एवं कुर्साकांटा में चापाकल मरम्मती हेतु चार मरम्मती दल का गठन किया गया है।चापाकल मरम्मती से संबंधित शिकायत का निवारण हेतु लोक स्वास्थ्य प्रमंडल, अररिया अन्तर्गत सेवा केन्द्र-सह-नियंत्रण कक्ष सम्पर्क संख्या 06453-350024 एवं लोक स्वास्थ्य प्रमंडल, फारबिसगंज अन्तर्गत 06455-450119 का गठन किया गया हैं। नियंत्रण कक्ष एवं सेवा केन्द्र प्रत्येक कार्य दिवस में प्रातः 10 बजे से संध्या 5 बजे तक कार्यरत रहेंगे। साथ ही केन्द्रीय कृत चापाकल मरम्मती हेतु टोल फ्री नम्बर 18001231121 के अतिरिक्त किसी भी क्षेत्र में चापाकल मरम्मती दल से संबंधित जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र पदाधिकारी के दूरभाष पर संपर्क किया जा सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

