home page

भागलपुर पॉलिटेक्निक कॉलेज राहत शिविर में 380 पीड़ित परिवारों को बांटी गई राहत किट

 | 
भागलपुर पॉलिटेक्निक कॉलेज राहत शिविर में 380 पीड़ित परिवारों को बांटी गई राहत किट


भागलपुर, 17 सितंबर (हि.स.)। जिले के बरारी स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज में चल रहे बाढ़ राहत शिविर में विस्थापित परिवारों की मदद के लिए प्रशासन की ओर से लगातार राहत कार्य चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शिविर में शरण लिए 380 बाढ़ पीड़ित परिवारों के बीच बुधवार को आवश्यक सामग्रियों से लैस विशेष राहत किट का वितरण किया गया। यह राहत वितरण कार्य आपदा प्रबंधन पदाधिकारी कुंदन कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुआ। वितरण के दौरान बाढ़ पीड़ितों की दैनिक जरूरतों का विशेष ध्यान रखा गया। प्रशासन द्वारा महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग जरूरत के अनुसार किट तैयार की गई थी। बांटी गई राहत किट में बर्तन, सर्फ, साबुन और कपड़े समेत कई दैनिक उपयोगी सामग्रियां शामिल हैं।

विशेष रूप से महिलाओं के लिए तैयार किट में साड़ी, जबकि पुरुषों की किट में लूंगी और गमछा उपलब्ध कराया गया है। इस राहत वितरण कार्यक्रम के दौरान जगदीशपुर के अंचलाधिकारी (सीओ) समेत कई वरिष्ठ प्रशासनिक पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने शिविर में रह रहे लोगों से बातचीत कर उनका हौसला बढ़ाया। आपदा प्रबंधन पदाधिकारी ने कहा कि बाढ़ प्रभावितों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। शिविर में रह रहे लोगों को भोजन, चिकित्सा और बच्चों की पढ़ाई जैसी बुनियादी सुविधाओं के साथ-साथ सभी जरूरी सामान लगातार उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर