नेपाल से विवाह कर आई महिलाओं को राहत, नागरिकता के लिए विशेष शिविर
किशनगंज, 05 जुलाई (हि.स.)।जिला प्रशासन ने नागरिकता आवेदन की प्रक्रिया को सरल और सुलभ बनाने के उद्देश्य से जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों में तीन विशेष नागरिकता शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया है।
जिलाधिकारी नवीन कुमार के निर्देश पर 8, 15 और 22 जुलाई को आयोजित होने वाले इन शिविरों में पात्र आवेदकों से नागरिकता संबंधी आवेदन लिए जाएंगे। सीमावर्ती जिले होने के कारण इस पहल से विशेष रूप से नेपाल से विवाह कर भारत आई महिलाओं और अन्य पात्र लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) और अंचल अधिकारियों (सीओ) को अभियान को प्राथमिकता के आधार पर सफल बनाने का निर्देश दिया है। साथ ही गांव-गांव तक माइकिंग, पंचायत स्तर पर प्रचार-प्रसार और जनजागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक पात्र लोगों को शिविरों तक पहुंचाने को कहा गया है।
प्रशासन के अनुसार, 8 जुलाई को नागरिकता अधिनियम की धारा 5(1)(सी) के तहत विवाह के बाद भारत में रह रही नेपाली महिलाओं एवं अन्य पात्र आवेदकों के पंजीकरण के लिए आवेदन लिए जाएंगे। 15 जुलाई को धारा 6(1) के तहत देशीयकरण (नेचुरलाइजेशन) के आधार पर नागरिकता के इच्छुक लोगों के आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। वहीं 22 जुलाई को ऐसे सभी पात्र आवेदकों को अंतिम अवसर दिया जाएगा, जो पहले दोनों शिविरों में आवेदन नहीं कर सके।
शिविरों में प्राप्त आवेदनों का भौतिक सत्यापन कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ जिला सामान्य प्रशासन शाखा को भेजा जाएगा। जिला स्तर पर जांच और स्क्रूटनी पूरी होने के बाद मामलों को अग्रिम अनुशंसा के लिए गृह मंत्रालय भेजा जाएगा।
प्रशासन ने बताया कि शिविरों में तैनात नोडल अधिकारियों और कंप्यूटर ऑपरेटरों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है, ताकि आवेदन की डिजिटल एंट्री और दस्तावेजों के संधारण में किसी प्रकार की त्रुटि न हो। डीएम नवीन कुमार ने सभी पात्र आवेदकों से निर्धारित तिथियों पर आवश्यक मूल दस्तावेज एवं पहचान पत्र के साथ संबंधित प्रखंड कार्यालय पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

