home page

अंतर-महाविद्यालय खेल प्रतियोगिता में आरबीएस व एमआरजीडी कॉलेज बने विजेता

 | 
अंतर-महाविद्यालय खेल प्रतियोगिता में आरबीएस व एमआरजीडी कॉलेज बने विजेता


दरभंगा, 22 अक्टूबर (हि.स.)।

एमएलएसएम कॉलेज, दरभंगा में आयोजित अंतर-महाविद्यालय खेल प्रतियोगिता का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न कॉलेजों की 16 टीमों ने प्रतियोगिता में भाग लिया। इनमें बालक एवं बालिका वर्ग की आठ-आठ टीमें शामिल थीं।

बालक वर्ग में आरबीएस कॉलेज, तिहाई, बेगूसराय की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। मेजबान एमएलएसएम कॉलेज, दरभंगा की टीम दूसरे स्थान पर रही। पीजी एथलेटिक्स, एलएनएमयू, दरभंगा को तीसरा तथा एसबीएसएस कॉलेज, बेगूसराय को चौथा स्थान मिला।

बालिका वर्ग में एमआरजीडी कॉलेज, बेगूसराय की टीम विजेता बनी, जबकि आरबीएस कॉलेज, तिहाई, बेगूसराय की टीम उपविजेता रही। एमएलएसएम कॉलेज, दरभंगा ने तीसरा तथा पीजी एथलेटिक्स, एलएनएमयू, दरभंगा ने चौथा स्थान प्राप्त किया।

समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में विश्वविद्यालय के खेल पदाधिकारी अमृत कुमार झा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। उन्होंने खिलाड़ियों के परिश्रम और लगन की सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए हरसंभव सहयोग करेगा। विशिष्ट अतिथि खेल निदेशालय के निदेशक डॉ. अजयनाथ झा ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास कर कॉलेज और विश्वविद्यालय का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

आयोजन समिति के अध्यक्ष सह एमएलएसएम कॉलेज के प्राचार्य प्रो. शंभू कुमार यादव ने खिलाड़ियों की खेल भावना की सराहना की। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में शारीरिक शिक्षा निदेशक एवं आयोजन टीम के योगदान की प्रशंसा करते हुए प्रतियोगिता के समापन की घोषणा की। कॉलेज के खेल प्रभारी उदय कुमार शाह ने विद्यार्थियों को खेलों के प्रति जागरूक रहने और नियमित अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में अरुण कुमार झा, मनीष राज, संतोष कुमार, अमित कुमार, मोनू कुमार एवं चयनकर्ता कुंदन कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा। समारोह के अंत में विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पदक देकर सम्मानित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra