छपरा बार एसोसिएशन चुनाव में रवि रंजन प्रसाद सिंह अध्यक्ष और शशि भूषण त्रिपाठी बने महामंत्री
सारण, 14 मार्च (हि.स.)। छपरा विधि मंडल के चुनाव 2026-28 के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। इस चुनाव में अधिवक्ता रवि रंजन प्रसाद सिंह ने अध्यक्ष पद पर बहुमत के साथ जीत दर्ज की है। वहीं, महामंत्री पद के लिए हुए मुकाबले में शशि भूषण त्रिपाठी विजयी रहे। परिणामों की घोषणा होते ही न्यायालय परिसर का माहौल उत्सवपूर्ण हो गया और समर्थकों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को फूल-मालाओं से लाद दिया। अध्यक्ष पद के लिए हुई मतगणना में रवि रंजन प्रसाद सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और निवर्तमान महामंत्री अमरेंद्र कुमार सिंह को 177 मतों के अंतर से पराजित किया।
अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने के बाद रवि रंजन प्रसाद सिंह ने इस जीत को अधिवक्ताओं के प्रति अपने समर्पण का परिणाम बताया। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा यह विधि मंडल 1840 से कार्यरत है और देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद का इससे गहरा नाता रहा है। मेरा उद्देश्य केवल सेवा करना है। पिछले कार्यकाल के जो अधूरे कार्य रह गए थे, उन्हें नई कार्यकारिणी के साथ मिलकर प्राथमिकता के आधार पर पूरा करना ही मेरा मुख्य लक्ष्य है।
दूसरी ओर महामंत्री पद के चुनाव में शशि भूषण त्रिपाठी ने एकतरफा मुकाबले में अशोक कुमार सिंह को 227 मतों से हराया। जीत के बाद समर्थकों ने विजयी प्रत्याशियों के पक्ष में जमकर नारेबाजी की।
वहीं महासचिव पद पर जीत हासिल करने के बाद शशि भूषण त्रिपाठी ने कहा कि विधि मंडल में लोकतांत्रिक मूल्यों की बहाली और अधिवक्ताओं की सुरक्षा उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी, विधि मंडल के भीतर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और सशक्त बनाना, अधिवक्ताओं को अदालत के कार्यों में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों को दूर करना, अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए 'एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट' की दिशा में ठोस कदम उठाना, एसपी और स्थानीय थानों के साथ मिलकर अधिवक्ताओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना।
अधिवक्ताओं ने भी उम्मीद जताई है कि नई टीम के नेतृत्व में बार और बेंच के बीच बेहतर सामंजस्य स्थापित होगा।अब सभी की निगाहें नवनिर्वाचित टीम के आगामी कार्यों और उनके द्वारा किए जाने वाले सुधारों पर टिकी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

