राष्ट्रीय लोक अदालत में वादों के निपटारे का सुनहरा मौका, 12 सितंबर को होगा आयोजन
बक्सरr, 13 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार, नई दिल्ली एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देशानुसार व्यवहार न्यायालय, बक्सर परिसर में 12 सितंबर 2026 को वर्ष की तृतीय राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। लोक अदालत के माध्यम से लंबित वादों का सुलह एवं समझौते के आधार पर त्वरित निष्पादन किया जाएगा।
राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर 16 अगस्त 2026 को विधिक सेवा सदन भवन में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, बक्सर श्री देवेश कुमार ने जिले के सभी थाना प्रभारियों के साथ बैठक की।
बैठक में उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि जिला कार्यालय द्वारा निष्पादन के लिए चिन्हित वादों के दोनों पक्षकारों को समय से नोटिस तामिला कराएं तथा उन्हें सुलह-समझौते के आधार पर वादों के निष्पादन के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि लंबित वादों के पक्षकारों को समय पर सूचना देकर राष्ट्रीय लोक अदालत में समझौते के लिए प्रेरित करने से बड़ी संख्या में मामलों का त्वरित निपटारा संभव होगा। इससे न्यायालय में लंबित मुकदमों का बोझ भी कम होगा और पक्षकारों को शीघ्र न्याय मिल सकेगा।
बैठक में बक्सर जिले के विभिन्न थानों के थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

