home page

राष्ट्रीय मत्स्य किसान दिवस: तकनीक और नवाचार से सशक्त होंगे मत्स्य पालक*

 | 
राष्ट्रीय मत्स्य किसान दिवस: तकनीक और नवाचार से सशक्त होंगे मत्स्य पालक*


बक्सर, 10 जुलाई (हि.स.)।

भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद का पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना के कृषि विज्ञान केंद्र, बक्सर में 10 जुलाई, को 'राष्ट्रीय मत्स्य किसान दिवस' के अवसर पर तकनीक और नवाचार से मत्स्य किसानों का सुदृढ़ीकरण विषय पर किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया।

गोष्ठी में बक्सर जिले के 58 प्रगतिशील मत्स्य पालकों ने भाग लिया, जिनमें तीन महिला मत्स्य पालकों की सक्रिय सहभागिता विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। कार्यक्रम का उद्देश्य मत्स्य किसानों को आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों, उन्नत मत्स्य प्रबंधन पद्धतियों तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान कर उनकी उत्पादन क्षमता एवं आय में वृद्धि करना था।

कार्यक्रम के दौरान वैज्ञानिकों ने बिहार की परिस्थितियों के अनुरूप मेजर कार्प प्रजातियों के वैज्ञानिक मत्स्य पालन, आधुनिक तालाब प्रबंधन, जल गुणवत्ता प्रबंधन, मत्स्य रोगों की पहचान एवं उनके वैज्ञानिक नियंत्रण, संतुलित आहार प्रबंधन तथा अधिक उत्पादन प्राप्त करने की उन्नत तकनीकों पर विस्तृत जानकारी दी।

साथ ही किसानों को सरकारी अनुदान योजनाओं, किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ), स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी), मूल्य संवर्धन (वैल्यू एडिशन) तथा प्रभावी विपणन व्यवस्था के माध्यम से मत्स्य व्यवसाय को अधिक लाभकारी बनाने के उपायों से भी अवगत कराया गया। कार्यक्रम के दौरान किसानों को स्प्रे मशीन एवं वाटर पंप वितरित किए गए। गोष्ठी के विभिन्न तकनीकी सत्रों में डॉ. कमल शर्मा, डॉ. उज्ज्वल कुमार, डॉ. देवकरण, डॉ. विवेकानंद भारती, डॉ. तारकेश्वर कुमार तथा सुश्री वेशवामनी (मत्स्य प्रसार पदाधिकारी) ने व्याख्यान प्रस्तुत किए।

उन्होंने प्रतिभागी मत्स्य पालकों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए वैज्ञानिक मत्स्य पालन की नवीनतम तकनीकों एवं व्यावहारिक उपायों की विस्तृत जानकारी साझा की। संस्थान के निदेशक डॉ. अनुप दास ने अपने संदेश में बताया कि वैज्ञानिक तकनीकों एवं आधुनिक मत्स्य प्रबंधन को अपनाकर मत्स्य पालक उत्पादन और आय दोनों बढ़ा सकते हैं। उन्होंने किसानों से गुणवत्तापूर्ण मत्स्य बीज, संतुलित आहार, जल गुणवत्ता प्रबंधन तथा सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर मत्स्य पालन को अधिक लाभकारी एवं टिकाऊ व्यवसाय बनाने का आह्वान किया। डॉ. रामकेवल द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ |

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra