रानीगंज वाईएनपी डिग्री कॉलेज में विदाई सह सम्मान समारोह आयोजित
अररिया,01 मार्च(हि.स.)। रानीगंज वाईएनपी डिग्री कॉलेज परिसर में रविवार को महाविद्यालय के सेवानिवृत प्रधानाचार्य डॉ अशोक कुमार आलोक की विदाई सह सम्मान समारोहपूर्वक किया गया। नव नियुक्त प्रधानाचार्य डॉ नूतन आलोक का अभिनंदन एवं सम्मान किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय प्रबंध समिति के पूर्व अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य कृष्णानंद उर्फ सूदो बाबू ने की। मुख्य अतिथि के रूप में जीएलएम कॉलेज बनमनखी के प्रधानाचार्य प्रो. डॉ प्रमोद भारतीय उपस्थित थे।
अध्यक्षीय संबोधन में कृष्णानंद उर्फ सूदो बाबू ने कहा कि डॉ अशोक कुमार आलोक का कार्यकाल महाविद्यालय के लिए स्वर्णिम अध्याय के रूप में स्मरणीय रहेगा। उन्होंने शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं आधारभूत संरचना के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया है। साथ ही उन्होंने नव प्रधानाचार्य डॉ नूतन आलोक को शुभकामना देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में महाविद्यालय नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
मुख्य अतिथि प्रो. डॉ प्रमोद भारतीय ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ अशोक कुमार आलोक एक कुशल प्रशासक एवं प्रेरक शिक्षाविद् रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में महाविद्यालय ने अनुशासन, गुणवत्ता एवं विकास की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने डॉ नूतन आलोक को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि वे परंपरा और प्रगति के संतुलन के साथ संस्थान को आगे बढ़ाएंगी।
समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने पूर्व प्रधानाचार्य के कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उनके समर्पण, नेतृत्व क्षमता एवं संस्थान के प्रति निष्ठा को सराहा। अपने उद्बोधन में डॉ. अशोक कुमार आलोक ने सभी शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए अत्यंत भावनात्मक क्षण है और महाविद्यालय परिवार का स्नेह वे सदैव स्मरण रखेंगे।
सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य को अंगवस्त्र, कीमती घड़ी एवं दैनिक उपयोग की सामग्री भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही महाविद्यालय के सेवानिवृत्त प्राध्यापक प्रो. बुद्धिनाथ सिंह, प्रो. योगेंद्र प्रसाद यादव तथा शिक्षकेतर कर्मी महेश्वर प्रसाद मेहता, पृथ्वी चंद यादव एवं रामचंद्र यादव को भी अंगवस्त्र एवं नगद राशि प्रदान कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
इस अवसर पर महाविद्यालय द्वारा होली पर्व के उपलक्ष्य में सभी शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मियों के खाते में वेतन का भुगतान भी किया गया।
समारोह में एमएलडीपीके यादव कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. वकील सिंह, के डी कॉलेज की प्रधानाचार्य प्रो. रूपा रानी सहित , अधिवक्ता प्रो नवल किशोर सिंह अनेक सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य, प्राध्यापक, अधिवक्ता, शिक्षाविद् एवं प्रबुद्धजन बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

