home page

रमजान नदी की बदहाली से बढ़ी छठ व्रतियों की चिंता, सूखी जलधारा और दुर्गंधयुक्त पानी से परेशानी

 | 
रमजान नदी की बदहाली से बढ़ी छठ व्रतियों की चिंता, सूखी जलधारा और दुर्गंधयुक्त पानी से परेशानी


किशनगंज, 10 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा में अब कुछ ही दिन शेष रह गए हैं, लेकिन शहर की जीवनरेखा मानी जाने वाली रमजान नदी की बदहाल स्थिति ने श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ा दी है।

नदी में पर्याप्त पानी नहीं होने के साथ ही जलप्रवाह भी लगभग ठप है। कई स्थानों पर नदी की जलधारा सूखने के कगार पर पहुंच गई है। वहीं, नदी में बचा हुआ पानी भी दूषित और बदबूदार हो गया है। ऐसे में छठ महापर्व के दौरान नदी के विभिन्न घाटों पर अर्घ्य देने पहुंचने वाले व्रतियों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

नदी की सबसे खराब स्थिति देवघाट खगड़ा छठ घाट पर देखने को मिल रही है। यहां पानी की मात्रा बेहद कम रह गई है। जो पानी मौजूद है, उससे तेज दुर्गंध निकल रही है। ऐसे में व्रतियों के लिए नदी में उतरकर भगवान भास्कर को अर्घ्य देना मुश्किल हो सकता है।

मंगलवार को स्थानीय लोगों का कहना है कि छठ जैसे पवित्र पर्व को देखते हुए प्रशासन को तत्काल नदी में पानी की उपलब्धता और उसकी स्वच्छता सुनिश्चित करनी चाहिए। गौरतलब है कि रमजान नदी के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य पर करीब 9 करोड़ 87 लाख रुपये खर्च किए गए थे। इस योजना से शहरवासियों को उम्मीद थी कि नदी की जलधारा अविरल होगी और उसका स्वरूप भी बेहतर होगा। लेकिन वर्तमान स्थिति ने जीर्णोद्धार कार्य की उपयोगिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद नदी में पर्याप्त पानी और स्वच्छता का अभाव चिंताजनक है। छठ पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु रमजान नदी के घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में यदि समय रहते नदी में पानी की व्यवस्था और साफ-सफाई नहीं कराई गई तो व्रतियों को अर्घ्य देने में काफी कठिनाई हो सकती है।

दूषित पानी और दुर्गंध से स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं भी बनी हुई हैं। अब शहरवासियों की निगाहें जिला प्रशासन पर टिकी हैं कि छठ से पहले नदी की स्थिति सुधारने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह