home page

भाई-बहन के अटूट प्रेम का पर्व रक्षाबंधन हर्षोल्लास से मना

 | 
भाई-बहन के अटूट प्रेम का पर्व रक्षाबंधन हर्षोल्लास से मना


किशनगंज, 28 अगस्त (हि.स.)। भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का पर्व रक्षाबंधन शुक्रवार को किशनगंज जिले में हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों में उत्सव का माहौल बना रहा।

शुभ मुहूर्त में बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं, भाइयों ने बहनों को उपहार भेंट कर उनकी सुरक्षा और हर सुख-दुख में साथ निभाने का संकल्प लिया।

रक्षाबंधन को लेकर शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक खासा उत्साह देखने को मिला। बहनें नए परिधानों में सज-धजकर भाइयों के घर पहुंचीं। पूजा-अर्चना और शुभ मुहूर्त के बाद बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाया और मिठाई खिलाकर उनकी कलाई पर राखी बांधी।

राखी बंधवाने के बाद भाइयों ने भी बहनों का मुंह मीठा कराया और उन्हें उपहार देकर पर्व की खुशियां साझा कीं। रक्षाबंधन को लेकर किशनगंज शहर के विभिन्न बाजारों में भी दिनभर रौनक रही। राखी, मिठाई और उपहार की दुकानों पर सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ जुटी रही।

बाजार में रंग-बिरंगी और आकर्षक राखियों की विभिन्न डिजाइन उपलब्ध थीं। बहनों ने भाइयों की पसंद के अनुसार राखियों के साथ-साथ कपड़े, घड़ियां, मिठाइयां और अन्य उपहारों की खरीदारी की।

रक्षाबंधन पर दूर-दराज के शहरों में रहने वाली कई बहनें भी अपने मायके पहुंचीं। लंबे समय बाद भाई-बहनों के मिलन से परिवारों में त्योहार की खुशियां दोगुनी हो गईं। कई घरों में सुबह से ही विशेष पकवान बनाए गए।

बच्चों में भी रक्षाबंधन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे जिले में दिनभर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते में प्रेम, अपनापन और विश्वास की मिठास देखने को मिली।

सोशल मीडिया के दौर में भी रक्षाबंधन की पारंपरिक खुशियां और पारिवारिक मिलन का उत्साह लोगों के बीच बरकरार रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह