सैनिक स्कूल में रक्षाबंधन सह पर्यावरण संरक्षण उत्सव आयोजित, पेड़ों को बांधा रक्षा सूत्र
भागलपुर, 27 अगस्त (हि.स.)।
सैनिक स्कूल गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर के प्राथमिक खंड (पूरनमल सावित्री देवी बाजोरिया सरस्वती शिशु मंदिर, नरगाकोठी, चंपानगर) में गुरुवार को रक्षाबंधन पर्व बेहद हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
इस दौरान भाई-बहन के अटूट प्रेम के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की बहनों ने अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाया, आरती उतारी और कलाई पर स्नेह का प्रतीक रक्षा सूत्र बांधकर मिठाई खिलाई।
इसके साथ ही, विद्यालय के भैया-बहनों ने प्रकृति रक्षा का संकल्प लेते हुए परिसर में मौजूद पेड़-पौधों को भी राखी बांधी। छात्रों ने वृक्षों को अपना मित्र मानते हुए उनके संरक्षण, संवर्धन और अधिक से अधिक पौधारोपण करने की शपथ ली।
मौके पर प्रधानाचार्य अमरेश कुमार ने भैया-बहनों को संबोधित करते हुए कहा, जिस प्रकार भाई-बहन एक-दूसरे की रक्षा का संकल्प लेते हैं, उसी प्रकार वृक्ष भी हमारे जीवन की रक्षा करते हैं। इसलिए पेड़-पौधों की सुरक्षा करना हर नागरिक का कर्तव्य है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में भारतीय संस्कृति, पारिवारिक प्रेम और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता का विकास होता है।
उत्सव को सफल बनाने में विद्यालय के आचार्य और दीदी जी का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के दौरान मनोज तिवारी, शशि भूषण मिश्र, अभिजीत आचार्य, आभाष कुमार, शशिकांत गुप्ता, संजीव ठाकुर, सुबोध ठाकुर, गोपाल प्रसाद सिंह, शुभम कुमार, ऋषि देवाशीष, सुजीत कुमार, कविता पाठक, रेणु कुमारी, नेहा कुमारी, मोनालिसा, खुशबू कुमारी, अनीता देवी, सुलेखा देवी एवं मनीष कुमार ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए बच्चों का मार्गदर्शन किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

