home page

बिहार में चाय की खेती को बढ़ावा देने वाले राज करण दप्तरी को मिला किसान ऑफ इंडिया सम्मान 2026

 | 
बिहार में चाय की खेती को बढ़ावा देने वाले राज करण दप्तरी को मिला किसान ऑफ इंडिया सम्मान 2026


किशनगंज, 28 नवंबर (हि.स.)। बिहार में चाय की खेती को बढ़ावा देने और किसानों को कृषि के नए विकल्प से जोड़ने वाले राज करण दप्तरी को किसान ऑफ इंडिया सम्मान 2026 से सम्मानित किया गया है। दिल्ली में आयोजित समारोह में उन्हें एग्री स्टार्टअप श्रेणी में यह सम्मान प्रदान किया गया। उनके प्रयासों से बिहार के किशनगंज जिले में चाय की खेती को नई पहचान मिली है।

राज करण दप्तरी ने बिहार में चाय की खेती की शुरुआत कर इसे किसानों के बीच प्रोत्साहित करने का काम किया। उनके प्रयासों के परिणामस्वरूप किशनगंज में चाय की खेती का लगातार विस्तार हुआ और आज हजारों एकड़ जमीन पर चाय की खेती की जा रही है। इससे क्षेत्र के किसानों को पारंपरिक खेती के अलावा आय का एक नया विकल्प मिला है। चाय उद्योग के विस्तार से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं। खेती और इससे जुड़ी गतिविधियों में बड़ी संख्या में मजदूरों को काम मिल रहा है। इससे दूसरे राज्यों में रोजगार की तलाश में होने वाले पलायन को कम करने में भी मदद मिली है। स्थानीय किसानों और मजदूरों को अपने ही क्षेत्र में आजीविका के अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। समारोह के मुख्य अतिथि पद्म भूषण से सम्मानित डॉ. आरएस परोदा ने दप्तरी के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि उनका कार्य भारतीय कृषि को नई दिशा देने के साथ किसानों के लिए प्रेरणादायक है। उल्लेखनीय है कि यह सम्मान डॉ. आरएस परोदा के हस्ताक्षर से प्रदान किया गया। वे ट्रस्ट फॉर एडवांसमेंट ऑफ एग्रीकल्चरल साइंसेज (TAAS) के अध्यक्ष और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के पूर्व महानिदेशक रह चुके हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह