home page

रेलवन ऐप को लेकर मालदा मंडल का जागरूकता अभियान

 | 
रेलवन ऐप को लेकर मालदा मंडल का जागरूकता अभियान


भागलपुर, 03 सितंबर (हि.स.)। यात्रियों को रेल सेवाओं का अधिक सुविधाजनक और डिजिटल अनुभव उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत, पूर्व रेलवे के मालदा मंडल द्वारा 'रेलवन' ऐप को लेकर एक व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत गुरुवार को जंगीपुर रोड, तीनपहाड़, बड़हरवा, पीरपैंती और सुल्तानगंज सहित मंडल के कई अन्य प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को इस ऐप की सुविधाओं और उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई।

यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कार्तिक सिंह के पर्यवेक्षण में चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने यात्रियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने यात्रियों को अपने मोबाइल में रेलवन ऐप डाउनलोड करने और इसका अधिक से अधिक उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया।

अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्टेशनों पर यात्रियों को ऐप डाउनलोड करने, पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) करने तथा इसके विभिन्न फीचर्स का प्रत्यक्ष प्रदर्शन (लाइव डेमो) भी करके दिखाया। इस दौरान रेलवन ऐप के माध्यम से मिलने वाली विभिन्न सुविधाओं जैसे—आरक्षित व अनारक्षित टिकट बुकिंग, ट्रेन पूछताछ, पीएनआर स्थिति और यात्रा योजना सहित अन्य डिजिटल रेलवे सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया गया और यात्रियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।

इस जागरूकता अभियान को यात्रियों की ओर से बेहद उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली। कई यात्रियों ने मौके पर ही अपने स्मार्टफोन में ऐप डाउनलोड किया और एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से तमाम रेल सेवाओं को सुलभ कराने की रेलवे की इस पहल की सराहना की। मालदा मंडल प्रशासन का कहना है कि वे यात्रियों की सुविधा बढ़ाने, डिजिटल सेवाओं को प्रोत्साहित करने तथा आधुनिक तकनीक के माध्यम से रेल सेवाओं को अधिक सरल एवं सुलभ बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर