भागलपुर विशेष केंद्रीय कारा में आधी रात तीन घंटे चली सघन छापेमारी, वरिष्ठ अधिकारियों ने खंगाले वार्ड और बैरक
भागलपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। भागलपुर स्थित विशेष केंद्रीय कारा में गुरुवार की आधी रात जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने अचानक धावा बोलकर सघन छापेमारी अभियान चलाया।
रात 12:00 बजे से शुक्रवार की सुबह 3:00 बजे तक करीब तीन घंटे चली इस औचक कार्रवाई से जेल प्रशासन और बंदियों के बीच हड़कंप मच गया। यह पूरी कार्रवाई प्रभारी जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव के संयुक्त नेतृत्व में संपन्न हुई।
छापेमारी दल में सिटी एसपी अतुलेश झा, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) समेत जिले के अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी और भारी संख्या में पुलिस बल शामिल रहा। रात के सन्नाटे में जेल पहुंची अधिकारियों की अलग-अलग टीमों ने जेल परिसर के सभी सामान्य और विशेष बंदी वार्डों, कैदी बैरकों, जेल अस्पताल, मुख्य रसोई घर, भंडार गृह, शौचालयों और स्नानागारों का कोना-कोना खंगाल डाला। तलाशी के दौरान कैदियों के बिस्तरों और व्यक्तिगत सामानों की भी बारीकी से जांच की गई।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, लगभग तीन घंटे तक चले इस सघन तलाशी अभियान के दौरान जेल के अंदर से कोई भी मोबाइल फोन, सिम कार्ड, हथियार या अन्य प्रतिबंधित और आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई है। हालांकि, निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने जेल की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया।
जेल प्रशासन को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने और निगरानी व्यवस्था को और अधिक चाक-चौबंद रखने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। गौरतलब है कि इस छापेमारी से एक दिन पहले ही भागलपुर के विशेष केंद्रीय कारा में एक विचाराधीन बंदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत (आत्महत्या) का मामला सामने आया था।
इस घटना के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था और आंतरिक निगरानी को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे थे, जिसके तुरंत बाद प्रशासन ने यह बड़ी कार्रवाई की है।
अधिकारियों का कहना है कि जेल के भीतर किसी भी प्रकार की संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि पर अंकुश लगाने के लिए भविष्य में भी ऐसे आकस्मिक निरीक्षण जारी रहेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

