home page

जयप्रकाश विश्वविद्यालय में राहुल सांकृत्यायन की जयंती मनाई गई

 | 
जयप्रकाश विश्वविद्यालय में राहुल सांकृत्यायन की जयंती मनाई गई


जयप्रकाश विश्वविद्यालय में राहुल सांकृत्यायन की जयंती मनाई गई


सारण, 09 अप्रैल (हि.स.)। जयप्रकाश विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में राहुल सांकृत्यायन की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित संगोष्ठी में वक्ताओं ने सांकृत्यायन के व्यक्तित्व और उनके कृतित्व पर से प्रकाश डाला।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो परमेंद्र कुमार बाजपेई ने कहा कि राहुल सांकृत्यायन केवल एक लेखक नहीं बल्कि एक महान भाषाविद और गंभीर चिंतक थे। उन्होंने विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को पुस्तकालय के उपयोग हेतु आश्वासन दिया कि सांकृत्यायन की रचनात्मक विरासत को सहेजने और शोधार्थियों की सुविधा के लिए विश्वविद्यालय पुस्तकालय में उनकी संपूर्ण ग्रंथावली जल्द उपलब्ध कराई जाएगी।

अंग्रेजी विभाग के प्रो गजेंद्र कुमार ने बताया कि सांकृत्यायन के व्यक्तित्व निर्माण में छपरा की धरती की कितनी निर्णायक भूमिका रही, प्रो अमरनाथ प्रसाद ने सांकृत्यायन के नाटकों और उनकी मातृभाषा भोजपुरी के प्रति अटूट लगाव पर चर्चा की, दर्शन विभाग के अध्यक्ष प्रो सुशील कुमार श्रीवास्तव ने उनके विचारों के दार्शनिक आधार को स्पष्ट किया, वहीं उर्दू विभाग के प्रो. शमी अहमद ने भी अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम में कुलसचिव प्रो नारायण दास सहित विभिन्न विभागों के प्राध्यापक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रो सिद्धार्थ शंकर ने किया और धन्यवाद ज्ञापन प्रो हरिश्चंद द्वारा दिया गया। इस मौके पर हिंदी, अंग्रेजी और दर्शनशास्त्र विभाग के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार