home page

4.89 करोड़ रुपये के कारोबारी विवाद में किशनगंज के राहुल अग्रवाल गिरफ्तार

 | 
4.89 करोड़ रुपये के कारोबारी विवाद में किशनगंज के राहुल अग्रवाल गिरफ्तार


किशनगंज, 22 अक्टूबर (हि.स.)। किशनगंज के हनुमान मिल कैंपस से जुड़े राहुल अग्रवाल को पूर्णिया पुलिस ने 4.89 करोड़ रुपये के कथित कारोबारी विवाद में गिरफ्तार किया है। उन पर बकाया राशि का भुगतान नहीं करने और पैसे की मांग करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।। इस मामले में पूर्णिया के गुलाबबाग निवासी व्यवसायी शोभित कुमार अग्रवाल ने सदर थाना में राहुल अग्रवाल, उनकी पत्नी प्रिया अग्रवाल और चाचा संदीप अग्रवाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।शिकायतकर्ता के अनुसार, उनकी फर्म बालाजी मशीनरी पान मसाला, रजनीगंधा और तुलसी जर्दा की वितरक है। आरोप है कि 8 जून 2026 को राहुल अग्रवाल, प्रिया अग्रवाल और संदीप अग्रवाल ने गुलाबबाग स्थित कार्यालय में आरएम वेयर हाउस के लिए इन उत्पादों की खरीद को लेकर बातचीत की थी। इसके बाद 9 और 10 जून 2026 को संबंधित वेयर हाउस में माल की आपूर्ति की गई।

शोभित कुमार अग्रवाल का आरोप है कि माल की आपूर्ति के बाद जब बकाया राशि का भुगतान मांगा गया, तो उन्हें लगातार टालमटोल और भुगतान करने के आश्वासन दिए गए। उनका कहना है कि कई बार किशनगंज जाकर बकाया रकम प्राप्त करने की कोशिश की गई, लेकिन हर बार आश्वासन देकर वापस भेज दिया गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि बकाया भुगतान के लिए दबाव बनाने पर राहुल अग्रवाल ने कथित तौर पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी और राशि देने से इनकार कर दिया। इसके बाद उन्होंने पूरे मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की।व्यवसायी ने शिकायत में कुल 4,89,18,697 रुपये की राशि बकाया होने का दावा किया है।

उन्होंने सदर थाना के थानाध्यक्ष से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, कथित बकाया राशि की वसूली के लिए उचित कदम उठाने तथा शिकायत में नामजद लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

फिलहाल मामला कारोबारी लेनदेन और कथित धमकी के आरोपों से जुड़ा है। आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही हो सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह