home page

बीएयू सबौर में 29-30 अक्टूबर को रबी अनुसंधान परिषद की 32वीं बैठक, कुलपति करेंगे अध्यक्षता

 | 
बीएयू सबौर में 29-30 अक्टूबर को रबी अनुसंधान परिषद की 32वीं बैठक, कुलपति करेंगे अध्यक्षता


भागलपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार कृषि विश्वविद्यालय सबौर में आगामी 29 और 30 अक्टूबर को रबी (वासंतिक) 2026-27 की 32वीं अनुसंधान परिषद की बैठक का आयोजन किया जाएगा। दो दिवसीय कृषि मंथन की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. डी. आर. सिंह करेंगे। इस महत्वपूर्ण बैठक में विश्वविद्यालय के तहत चलाई जा रही विभिन्न कृषि अनुसंधान परियोजनाओं की प्रगति, उनकी वर्तमान उपलब्धियों और खेतों में उनकी उपयोगिता की गहन समीक्षा की जाएगी। बैठक के दौरान एक विशेषज्ञ समिति द्वारा कृषि को उन्नत बनाने वाले कई प्रमुख विषयों पर चल रहे शोध कार्यों की समीक्षा की जाएगी। इस उच्च स्तरीय बैठक में कृषि क्षेत्र से जुड़े आला अधिकारियों के साथ-साथ बिहार के विभिन्न जिलों से आए प्रगतिशील किसानों के प्रतिनिधि भी हिस्सा लेंगे। इसका मुख्य उद्देश्य किसानों को खेतों में आ रही व्यावहारिक समस्याओं के समाधान के लिए वैज्ञानिक विकल्पों पर चर्चा करना है। वैज्ञानिक उपलब्धियों और आधुनिक अनुसंधानों को सीधे किसानों के खेतों तक प्रभावी ढंग से कैसे पहुंचाया जाए, इसकी रणनीति भी इस बैठक में तय की जाएगी। किसानों के लिए यह बैठक बेहद फायदेमंद साबित होने वाली है। इस मौके पर कृषि वैज्ञानिक किसानों की उपज बढ़ाने और उन्हें सशक्त बनाने के लिए कई उपयोगी फसल किस्मों (वैरायटी) और नई कृषि तकनीकों को जारी (विमोचन) करने की तैयारी में हैं। इस कवायद से न केवल राज्य में कृषि अनुसंधान को नई दिशा मिलेगी, बल्कि किसानों की जरूरतों के मुताबिक आधुनिक तकनीकों के विकास और उनके प्रसार को भी रफ्तार मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर