home page

शिक्षक दिवस पर ज्ञान-विज्ञान प्रश्न मंच प्रतियोगिता आयोजित,विद्या मंदिर फारबिसगंज के छात्रों का रहा दबदबा

 | 
शिक्षक दिवस पर ज्ञान-विज्ञान प्रश्न मंच प्रतियोगिता आयोजित,विद्या मंदिर फारबिसगंज के छात्रों का रहा दबदबा


अररिया 05 सितम्बर(हि.स.)। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती एवं शिक्षक दिवस पर फारबिसगंज के श्री रानी सरस्वती विद्या मंदिर में विभाग स्तरीय ज्ञान-विज्ञान प्रश्न मंच प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में अररिया, पूर्णिया किशनगंज एवं कटिहार जिलों में संचालित सरस्वती शिशु विद्या मंदिरों के सैकड़ों भैया-बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन, पुष्पार्चन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। अतिथियों का परिचय एवं सम्मान शिशु मंदिर खंड के प्रधानाचार्य रामनरेश सिंह ने किया। प्रस्तावना उद्बोधन लोक शिक्षा समिति, बिहार के सेवानिवृत्त विभाग निरीक्षक मिथिलेश सिंह ने दिया। वहीं प्रश्न मंच प्रतियोगिता की नियमावली की जानकारी विज्ञान क्षेत्र प्रमुख मनोज कुमार सिंह ने दी। कार्यक्रम का अध्यक्षीय उद्बोधन प्रदेश अध्यक्ष राम प्रकाश प्रसाद ने किया।

विभाग स्तरीय प्रतियोगिता में शिशु, बाल एवं किशोर वर्ग के भैया-बहनों के लिए संस्कृति ज्ञान, विज्ञान, संस्कृत, अंग्रेजी, वैदिक गणित एवं संगणक विषयों में प्रश्न मंच प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्या मंदिर फारबिसगंज के भैया-बहनों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शिशु, बाल एवं किशोर वर्ग के संस्कृति ज्ञान प्रश्न मंच में प्रथम स्थान प्राप्त कर परचम लहराया।वहीं शिशु वर्ग के विज्ञान विषय में प्रथम तथा बाल वर्ग के संस्कृत विषय में द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी भैया-बहनों को मेडल एवं प्रमाण-पत्र देकर पुरस्कृत किया गया। पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों में उत्साह एवं खुशी का माहौल रहा।

उल्लेखनीय है कि विभाग स्तर पर प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी भैया-बहन आगामी प्रांत स्तरीय ज्ञान-विज्ञान प्रश्न मंच प्रतियोगिता में भाग लेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर