home page

भारत छोड़ो आंदोलन के शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि, 13 वर्षीय अमर शहीद ध्रुव कुंडू को किया गया नमन

 | 
भारत छोड़ो आंदोलन के शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि, 13 वर्षीय अमर शहीद ध्रुव कुंडू को किया गया नमन


कटिहार, 13 अगस्त (हि.स.)। भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष करते हुए शहीद हुए 13 वीरों की स्मृति में गुरुवार को कटिहार में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने नगर निगम कार्यालय के समीप स्थित शहीद स्तंभ पर पहुंचकर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगण, जिले के विभिन्न पदाधिकारीगण, कर्मीगण और बड़ी संख्या में आम लोगों ने भी शहीद स्तंभ पर पहुंचकर वीर सपूतों को नमन किया।

कार्यक्रम के दौरान ऐतिहासिक प्रसंग को याद करते हुए बताया गया कि इन शहीदों में 13 वर्षीय बालक ध्रुव कुंडू भी शामिल थे। उन्होंने महज 13 वर्ष की कम उम्र में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ उग्र आंदोलन में हिस्सा लिया था और पुलिस की गोलीबारी का शिकार होकर देश के लिए अपना बलिदान दे दिया था।

प्रशासनिक स्तर पर यह माना गया है कि 13 अगस्त का दिन केवल श्रद्धांजलि अर्पित करने का दिन नहीं है, बल्कि यह कटिहार के स्थानीय स्वतंत्रता आंदोलन के गौरवशाली इतिहास को संरक्षित और दस्तावेजीकृत करने का भी एक महत्वपूर्ण अवसर है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह