home page

राष्ट्र निर्माण में शिक्षा की हैती है महत्वपूर्ण भूमिका: पुष्पेन्द्र

 | 
राष्ट्र निर्माण में शिक्षा की हैती है महत्वपूर्ण भूमिका: पुष्पेन्द्र


भागलपुर, 11 मई (हि.स.)। आनन्दराम ढांढनियाँ सरस्वती विद्या मंदिर भागलपुर में सोमवार को राष्ट्रीय प्रवक्ता पुष्पेन्द्र कुलश्रेष्ठ के आगमन पर उनका स्वागत किया गया। उल्लेखनीय है कि पुष्पेन्द्र कुलश्रेष्ठ राष्ट्रीय प्रवक्ता, प्रसिद्ध पत्रकार एवं राजनीतिक टिप्पणीकार हैं। उनके संबोधन में आने वाली पीढ़ियों के लिए राष्ट्रीय प्रेरणा की झलक स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।

उन्होंने सात राष्ट्रीय रोलर हॉकी चैंपियनशिप में भाग लिया है तथा वे प्रेस ऑफ इंडिया के निर्वाचित सचिव जनरल (सीईओ) के रूप में चार वर्षों तक अपनी सेवाएं दे चुके हैं। विद्यालय में उनका आगमन, आत्मीय परिचय एवं केशव सभागार में राष्ट्रीय भावनाओं से ओतप्रोत उद्बोधन अत्यंत प्रेरणादायक एवं सराहनीय रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय प्रवक्ता पुष्पेन्द्र कुलश्रेष्ठ, भारत विकास परिषद के उपाध्यक्ष अजीत जैन, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष अतुल ढांढनियाँ, कोषाध्यक्ष नरेश खेतान, समिति सदस्य रविशंकर पांडेय, भागलपुर जिला के जिला निरीक्षक सतीश कुमार तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य सुमंत कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

राष्ट्रीय प्रवक्ता पुष्पेन्द्र कुलश्रेष्ठ ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्र निर्माण में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन एवं राष्ट्रभक्ति की भावना से भी ओतप्रोत होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति, परंपरा एवं सनातन मूल्यों को आत्मसात कर युवा पीढ़ी देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकती है।

उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर परिश्रम एवं सकारात्मक सोच के माध्यम से जीवन में सफलता प्राप्त की जा सकती है। मंच संचालन श्वेता झा ने किया। उक्त अवसर पर विद्यालय के समस्त भैया -बहनो के साथ ही साथ सरस्वती विद्या मंदिर नोपानी विद्यालय के प्रधानाचार्य आकाश कुमार, विद्यालय के आचार्य/दीदी एवं बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर