टीचर्स ऑफ बिहार की त्रैमासिक ई-पत्रिका प्रज्ञानिका के नए अंक का हुआ प्रकाशन
अररिया, 07 अक्टूबर(हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के अवसर पर बिहार के शिक्षकों द्वारा संचालित त्रैमासिक ई-शैक्षणिक पत्रिका ‘प्रज्ञानिका’ के द्वितीय खंड के तृतीय अंक का भव्य प्रकाशन किया गया। टीचर्स ऑफ बिहार के मार्गदर्शन में प्रकाशित यह पत्रिका राज्यभर के शिक्षकों द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारी, रचनात्मक एवं उत्कृष्ट प्रयासों को सामने लाने तथा शैक्षिक विमर्श को नई दिशा देने का सशक्त माध्यम बन रही है।
पत्रिका के इस अंक के संपादन में भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय में राजभाषा परिषद के हिंदी विशेषज्ञ डॉ. चंदन श्रीवास्तव का प्रधान संपादक के रूप में कुशल मार्गदर्शन रहा। वहीं, मुजफ्फरपुर की संपादक शुभी श्रीवास्तव ने इस अंक के संपादन, संयोजन और प्रस्तुतीकरण में मुख्य एवं महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी मेहनत, रचनात्मक दृष्टि और प्रभावी संयोजन के परिणामस्वरूप पत्रिका का यह अंक सुव्यवस्थित, आकर्षक और समृद्ध स्वरूप में पाठकों के समक्ष आया। संपादन टीम में सिवान की संपादक डॉ. पूनम कुमारी का भी विशेष योगदान रहा।
‘प्रज्ञानिका’ के इस अंक में शिक्षा, नवाचार, तकनीक, साहित्य, पर्यावरण, नीति, स्वास्थ्य, खेल, यात्रा और समसामयिक विषयों को विविध स्तम्भों के माध्यम से व्यापकता प्रदान की गई है। ‘शिक्षक गाथा’ स्तम्भ में शिक्षक स्रष्टा गगन कुमार ने मुजफ्फरपुर के राजकीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित केशव कुमार की वैश्विक शैक्षणिक यात्रा और उनके शैक्षिक योगदान पर चर्चा की है।
वहीं, ‘विद्यालय गाथा’ स्तम्भ में विद्यालय सूत्रधार पुरुषोत्तम कुमार ने स्वच्छ एवं हरित विद्यालय के महत्व को रेखांकित किया है। ‘छात्र गाथा’ के माध्यम से अंकुर कथाकार निवेदिता रानी ने बच्चों की प्रेरणा, प्रतिभा और उनकी संभावनाओं से जुड़े महत्वपूर्ण पक्षों को साझा किया है।आधुनिक तकनीक से पाठकों को रूबरू कराते हुए ‘डिजिटल दुनिया’ स्तम्भ में टेक्निकल लीड इं. शिवेंद्र प्रकाश सुमन ने एआई टूल्स के उपयोग और उनकी संभावनाओं पर महत्वपूर्ण चर्चा की है।
पुस्तक के विभिन्न स्तंभ में बिहार के शिक्षकों के द्वारा एक से बढ़कर एक आलेख और रचना ने पुस्तक को महत्वपूर्ण बना दिया।
पत्रिका के आगामी कार्यक्रमों एवं गतिविधियों से संबंधित जानकारी कैलेंडर कोऑर्डिनेटर नेहा कुमारी ने प्रस्तुत की है। फोटो कोऑर्डिनेटर स्मिता ठाकुर ने बेहतरीन तस्वीरों का संयोजन किया है, जबकि समाचार संयोजक मृत्युंजय कुमार जी ने ‘सुर्खियाँ’ स्तम्भ के माध्यम से शिक्षा जगत की प्रमुख खबरों को साझा किया है। पत्रिका को आकर्षक और सुंदर स्वरूप प्रदान करने में डिज़ाइनिंग सहायक शुभम कुमार ने संपादक शुभी श्रीवास्तव का विशेष सहयोग किया।
जानकारी टीचर्स ऑफ बिहार के प्रदेश प्रवक्ता रंजेश कुमार एवं प्रदेश मीडिया संयोजक मृत्युंजय कुमार ने बुधवार को दी।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

