कटिहार के सभी प्रखंडों में 17-18 जून को लगेगा जन कल्याण शिविर
कटिहार, 11 जून (हि.स.)। मुख्य सचिव, बिहार के निर्देश के आलोक में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्तियों एवं लाभार्थियों तक सुनिश्चित रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से आगामी 17 एवं 18 जून 2026 को कटिहार जिले के सभी प्रखंडों में “प्रखण्ड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर” का आयोजन किया जाएगा।
जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार इस दो दिवसीय शिविर में आम नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन, निबंधन, सत्यापन, ई-केवाईसी तथा लाभ वितरण जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। शिविर का उद्देश्य आम जनता को सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करना तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ सहज एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराना है।
इस शिविर में आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान वय वंदना कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, लखपति दीदी, पीएम स्वनिधि, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना, दिव्यांगजन कल्याण योजनाएं, भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाएं सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं से संबंधित सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
शिविर के सफल संचालन हेतु सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को आवश्यक दायित्व सौंपे गए हैं। शिविर स्थलों पर हेल्प डेस्क, विभिन्न विभागों के काउंटर तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा मेडिकल स्टॉल की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा संबंधित अधिकारियों को शिविर के प्रभावी संचालन एवं लाभार्थियों को त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आवश्यक दस्तावेज, जैसे आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक पासबुक आदि के साथ शिविर में पहुंचकर विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करें तथा अपने लंबित आवेदन एवं समस्याओं का समाधान कराएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

