विभिन्न मांगों को लेकर कर संग्रहकों का प्रदर्शन, अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू
भागलपुर, 13 जुलाई (हि.स.)। भागलपुर नगर निगम में कर संग्रहण का कार्य कर रहे निजी कंपनी के कर संग्रहकों ने सोमवार को लंबित वेतन और ईपीएफ-ईएसआईसी भुगतान की मांग को लेकर स्मार्ट सिटी भवन में तालाबंदी कर प्रदर्शन किया।
कर्मचारियों का कहना है कि पिछले 9 से 12 महीनों से उन्हें वेतन नहीं मिला है। वहीं नियुक्ति के समय से अब तक करीब 40 महीनों का ईपीएफ और ईएसआईसी का भुगतान भी लंबित है। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने बताया कि इस संबंध में पहले भी कई बार नगर आयुक्त को लिखित आवेदन देकर समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। उनका आरोप है कि पिछले छह महीनों से नगर निगम द्वारा कंपनी को कमीशन की राशि का भुगतान भी नहीं किया गया हैं। जिसके कारण कर्मचारियों का वेतन अटका हुआ है।
कर संग्रहकों का कहना है कि वेतन नहीं मिलने से उनके परिवार के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। घर का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनका लंबित भुगतान नहीं किया जाता तब तक वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे और आंदोलन जारी रखेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

