home page

विभिन्न मांगों को लेकर बिहार राज्य बस चालक संघ का धरना

 | 
विभिन्न मांगों को लेकर बिहार राज्य बस चालक संघ का धरना


भागलपुर, 09 मार्च (हि.स.)। विभिन्न मांगों को लेकर बिहार राज्य बस चालक संघ के सदस्यों ने सोमवार को समाहरणालय परिसर में धरना दिया। इस धरना के कारण बसों का परिचालन ठप हो गया है। तीन माह के बकाये वेतन भुगतान की मांग को लेकर बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के आउटसोर्सिंग चालक और खलासी धरना पर बैठे हैं।

हड़ताल के कारण बीएसआरटीसी के बसों का परिचालन पूरी तरह से ठप हो गया है, जिसके कारण यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। धरना पर बैठे चालकों ने बताया कि वह लोग वर्ष 2020 से 627 रुपये दैनिक मजदूरी पर बिहार राज्य परिवहन विभाग में कार्य कर रहे हैं। हम सभी आउटसोर्सिंग कंपनी के माध्यम से यहां तैनात हैं। हमलोगों को किसी प्रकार का छुट्टी नहीं दी जाती है और 26 दिन का ही मानदेय दिया जाता है।,जो मानदेय दिया जाता है उसमें भी कंपनी द्वारा भारी कटौती की जा रही है। पीएफ में कभी पैसा कंपनी जमा करती कभी नहीं करती है। पिछले तीन माह से हमलोगों को वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। परिवार का भरण पोषण करना मुश्किल हो गया है। बीमार पड़ने पर सही से इलाज नहीं हो पाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर